आगरालीक्स दिल्ली की आयकर विभाग की टीमें आगरा की दो और अलीगढ़ की एक फर्म पर 24 घंटे बाद भी जांच में जुटी हुई हैं। दिल्ली की फर्म को करोड़ों की बिलिंग करने के बाद टीम ने एक साथ 30 ठिकानों पर जांच शुरू की है। ( Agra News: Income Tax Survey continue after 24 hours in Agra & Aligarh#Agra)
आयकर विभाग की टीम सोमवार सुबह 6.45 बजे एशिया की सर्जिकल आइटम सप्लाई करने वाली कंपनियों में से एक रोमसंस ग्रुप की यमुना पार स्थित फैक्ट्री, आफिस के साथ ही निर्भय नगर स्थित आवासों पर जांच शुरू की। टीम कच्चे माल की खरीद से लेकर कंपनी द्वारा देश और विदेश में किए जा रहे अपने उत्पादों की सप्लाई से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। इसके साथ ही रोमसंस ग्रुप का निवेश कहां कहां है इसकी भी जांच चल रही है। रोमसंस ग्रुप 73 साल पुराना है और बड़ी संख्या में प्रोडक्ट तैयार करता है। इसके साथ ही टीम ने अशोक ग्रुप के एक निजी अस्पताल के साथ ही शोरूम पर भी जांच की, यह लिंक जांच मानी जा रही है। आयकर विभाग की टीम दिल्ली से आई है, स्थानीय टीम को इसमें शामिल नहीं किया गया है।
अलीगढ़ में थर्मामीटर बनाने वाली फर्म की जांच
वहीं, आयकर विभाग की टीम सुबह से ही अलीगढ़ की थर्मामीटर बनाने वाली कंपनी हिक्स की जांच कर रही है। हिक्स कंपनी अलीगढ़ के टॉप टैक्स पेयर में टॉप 10 में शामिल है। टीम द्वारा कंपनी के ठिकानों और आवासों पर जांच की जा रही है। कंपनी द्वारा दिल्ली की एक ही फर्म के नाम पर करोड़ों की छह महीने में बिलिंग की गई है, इसके बाद टीम जांच के लिए आई है।