आगरालीक्स….Agra News: आगरा के फाइव स्टार होटल से शादी समारोह में ज्वैलरी का बैग चोरी, इससे पहले एक और होटल में हुई थी चोरी, जानें क्या कहना है कि होटल प्रबंधन का। ( Agra News: Jewellery bag stolen from Five star hotel in Agra#Agra )
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आगरा के साकेत कॉलोनी के रहने वाले मनीष मगन की भांजी की 20 नवंबर को होटल जेपी पैलेस में शादी थी। वे अपने परिवार के साथ शादी में शामिल होने के लिए होटल पहुंचे उन्हें रूम नंबर 2520 दिया गया। आरोप है कि कमरे का लॉकर पहले से खराब था, रात को सभी लोग शादी में शामिल होने के लिए रूम से बाहर गए और देर रात शादी में शामिल होने के बाद लौटे और सो गए।
सुबह देखा तो ज्वैलरी का बैग गायब
21 नवंबर की सुबह मनीष मगन की पत्नी ने सामान देखा तो उनका ज्वैलरी का छोटा बैग गायब था बैग में सोने के दो कंगन, छह चूड़ी और डायमंड लॉकेट सेट रखा था। इसकी कीमत 22 से 25 लाख रुपये है। होटल प्रबंधन ने भी तलाश की लेकिन पता नहीं चला। एसीपी पीयूषकांत का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। होटल के सीसीटीवी चेक किए जा रहे हैं।
इससे पहले ताजगंज के होटल डबल ट्री बाई हिल्टन में शादी समारोह में शामिल होने आईं इंदौर की श्वेता शर्मा की कमरे से तीन हीरे और एक चांदी की अंगूठी गायब हो गई थी, सीसीटीवी में हाउस कीपिंग स्टाफ कमरे में जाते दिखाई दिया था उन्होंने कर्मचारियों पर मुकदमा दर्ज कराया था।
होटल प्रबंधन का यह है कहना
इस मामले में मीडिया से होटल जेपी पैलेस के वाइस प्रेसीडेंट हरी सुकुमार का कहना है कि शिकायतकर्ता ने एक पेंडल गायब होने के बारे में बताया था, उसकी तलाश की गई, वीडियो क्लिप भी उपलब्ध कराई गई, अधिवक्ता के माध्यम से अपना पक्ष रखा जाएगा।