आगरालीक्स…Agra News: आगरा में Genz Against Addiction यानी नशा मुक्त युवा के तहत देश भर के 25 स्कूलों में से एक गणेश राम नागर सरस्वती बालिका विद्या मंदिर में पीएम नरेंद्र मोदी से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद किया।
पीएम नरेन्द्र मोदी ने युवाओं को नशे जैसी गंभीर सामाजिक बुराई से दूर रहने तथा देश के प्रत्येक युवा को स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भारत की युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है और युवाओं की ऊर्जा एवं प्रतिभा का उपयोग विकसित भारत के निर्माण में होना चाहिए। युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने मित्रों, परिवार एवं समाज के अन्य लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।प्रधानमंत्री ने युवाओं को प्रेरित करते हुए नशा मुक्त युवा और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने तथा एक स्वस्थ, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री जी का संबोधन सुनकर कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं में विशेष उत्साह एवं प्रेरणा का संचार हुआ। वहीं जिला युवा अधिकारी डा. श्रवण कुमार सहगल ने युवाओं को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं।