आगरालीक्स…Agra News: आगरा में चीनी के रेट बढ़ने पर कालाबाजारी रोकने को सख्ती, कल से नियमित जांच, थोक कारोबारियों को पोर्टल पर दर्ज करना होगा स्टॉक।
चीनी के रेट लगातार बढ़ रहे हैं, थोक बाजार में चीनी के रेट बढ़कर 63 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गए, पिछले साल अगस्त में चीनी के थोक रेट 42 रुपये प्रतिकिलोग्राम थे। चीनी के रेट बढ़ने और त्योहार को देखते हुए कालाबाजारी की आशंका पर सख्ती की गई है।
सोमवार से होगी नियमित जांच, चार हजार क्विंटल चीनी स्टॉक की सीमा
जिला विपणन अधिकारी नंद किशोर का मीडिया से कहना है कि जिले में चीनी का कारोबार करने वाले स्टॉकिस्ट, थोक और खुदरा व्यापारियों के लिए भारत सरकार के पोर्टल पर स्टॉक घोषित करना अनिवार्य कर दिया गया है। थोक कारोबारी अधिकतम चार हजार क्विंटल चीनी का स्टॉक रख सकते हैं। हर सप्ताह शुक्रवार को पोर्टल पर चीनी का स्टॉक दर्ज करना होगा। जिले में अभी तक 57 थोक कारोबारियों ने पंजीकरण करा लिया है। सोमवार से नियमित जांच की जाएगी। टीम ने शनिवार को भी तीन थोक कारोबारियों के स्टॉक की जांच की।
घेवर और मिठाई के रेट बढ़े
चीनी महंगी होने से घेवर पर प्रति किलोग्राम करीब 20 रुपये तक रेट बढ़ गए हैं इसके साथ ही मिठाई भी महंगी हो गई है। रक्षाबंधन पर मिठाई के साथ ड्राई फ्रूटस के रेट भी बढ़ गए हैं। पेठा सहित अन्य चीनी से बनने वाले खाद्य पदार्थ के रेट लगातार बढ़ रहे हैं।