आगरालीक्स …Agra News: आगरा कैंट स्टेशन पर तमिलनाडू एक्सप्रेस ट्रेन में ट्रॉली बैग में मिला शव, ट्रॉली बैग से खून बहने और बदबू आने पर यात्रियों की सूचना पर जीआरपी ने आगरा कैंट पर उतारा ट्रॉली बैग। बैग में मानव अंग के टुकड़े मिलने पर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
चेन्नई से लेकर दिल्ली जा रही तमिलनाडू एक्सप्रेस बुधवार सुबह पांच बजे आगरा कैंट स्टेशन पर पहुंची। ट्रेन की जनरल बॉगी में ट्रॉली बैग से खून रिसने और बदबू आने की सूचना पर जीआरपी सक्रिय हो गई। जनरल बॉगी में रखे ट्रॉली बैग को नीचे उतारा गया, किसी भी यात्री ने ट्रॉली बैग के बारे में यह नहीं बताया कि यह किसका है और किसने रखा है।
ट्रॉली बैग में मानव अंग के अवशेष
जीआरपी सीओ का कहना है कि ट्रॉली बैग को जब खोलकर देखा गया तो उसमें मानव अंग के अवशेष थे जो काले पड़ चुके थे। ये एक पालीबैग में रखे हुए थे जिस पर चेन्नई का पता था। बैग से खून भी रिस रहा था। जीआरपी की टीम चेन्नई भी भेजी गई है, शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
हत्या करने के बाद शव के टुकड़े कर रखने की आशंका
ट्रॉली बैग ज्यादा बड़ा नहीं है इससे आशंका है कि हत्या करने के बाद शव के टुकड़े किए गए जिससे उसे ट्रॉली बैग में रखा जा सके। कई टीमें जांच में जुटी हुई हैं।