आगरालीक्स …Agra News: आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विवि में छात्राओं को छात्रों से ज्यादा मेडल मिलेंगे, तीन अगस्त को है दीक्षांत समारोह।
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय का 92वां दीक्षांत समारोह तीन अगस्त को है। विश्वविद्यालय द्वारा 64 छात्र, छात्राओं को 88 स्वर्ण पदकों से अलंकृत किया जाएगा, जिसमें 46 छात्राओं को 63 और 18 छात्रों को 25 पदक से सम्मानित किया जाएगा। स्नातक स्तर पर 25, स्नातकोत्तर स्तर पर 45 तथा प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों में 18 पदक प्रदान किए जाएंगे। इन 88 पदकों में कुल 76 स्वर्ण और 12 रजत पदक हैं। शोध उपाधियों में 167 पीएचडी और तीन डी.लिट. शामिल हैं। पीएचडी उपाधि प्राप्त करने वालों में 86 पुरुष और 81 महिला शोधार्थी हैं, जबकि डी.लिट. उपाधि एक पुरुष और दो महिला शोधार्थियों को दी जाएगी। सबसे ज्यादा मेडल आरबीएस कॉलेज के एमए के छात्र नरेंद्र सिंह को मिलेंगे।
79 हजार से अधिक डिग्री
समारोह में 79,832 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इनमें संबद्ध महाविद्यालयों के 78,465 तथा आवासीय परिसर के 1,197 विद्यार्थी शामिल हैं। इसके अलावा 167 पीएचडी और तीन डी.लिट. सहित कुल 170 शोध उपाधियां भी प्रदान की जाएंगी। सरकारी, सहायता प्राप्त एवं स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों के 78,465 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इनमें 55,339 स्नातक, 8,787 स्नातकोत्तर तथा 14,339 प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों के विद्यार्थी शामिल हैं। कुल उपाधि प्राप्त करने वालों में 39,879 छात्राएं और 38,586 छात्र हैं। वहीं विश्वविद्यालय के आवासीय परिसर (रेजिडेंशियल विंग) के 1,197 विद्यार्थियों को भी उपाधियां दी जाएंगी। इनमें 347 स्नातक, 363 स्नातकोत्तर और 487 प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों के विद्यार्थी शामिल हैं।