आगरालीक्स …Agra News आगरा में छह अक्टूबर को रामबारात निकलेगी, 200 से अधिक झांकियां।
आगरा में 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी एवं मुकुट पूजन के साथ महोत्सव का शुभारंभ होगा। 26 सितंबर को श्रीमनःकामेश्वरनाथ महाराज की मुकुट सवारी, 28 सितंबर को श्रीगणेश जी की सवारी तथा 29 सितंबर को रावण की दुहाई का नगर भ्रमण होगा।
30 सितंबर से रामलीला मैदान में मंचीय लीलाओं का शुभारंभ होगा। 01 अक्टूबर को श्रीराम जन्मोत्सव, 02 अक्टूबर को सीता जन्मोत्सव, 03 अक्टूबर को ताड़का वध एवं पुष्प वाटिका, 04 अक्टूबर को धनुष यज्ञ एवं लक्ष्मण-परशुराम संवाद तथा 05 अक्टूबर को जनकपुरी से निमंत्रण लीला आयोजित होगी। 06 अक्टूबर को प्रभु श्रीराम की भव्य एवं ऐतिहासिक बारात निकाली जाएगी। 07 से 09 अक्टूबर तक सिकंदरा स्थित भावना एस्टेट रोड पर जनकपुरी सजाई जाएगी। 20 अक्टूबर को रावण वध एवं विशाल पुतले का दहन होगा। विजयदशमी पर आतिशबाजी विशेष आकर्षण रहेगी तथा 24 अक्टूबर तक विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। श्रीराम बारात में 200 से अधिक झांकियां, अखाड़े एवं बैंड शामिल होंगे। झांकियों के माध्यम से धार्मिक प्रसंगों के साथ नेत्रदान, रक्तदान एवं अन्य सामाजिक सरोकारों के संदेश भी दिए जाएंगे। भगवान श्रीकृष्ण द्वारा इंद्र देव के प्रकोप से ब्रजवासियों की रक्षा तथा गोवर्धन महाराज की विशेष झांकी प्रमुख आकर्षण होगी।
कंट्रोल रूम बनेगा
रामलीला कमेटी की बैठक जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल की उपस्थिति में हुई। जनकपुरी में बनेगा एकीकृत कंट्रोल रूम, सफाई, फॉगिंग, स्वास्थ्य, यातायात, विद्युत, प्रकाश व सुरक्षा व्यवस्था समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। रामलीला मैदान, जनकपुरी तथा शोभायात्रा मार्गों पर सफाई एवं जल निकासी की विशेष व्यवस्था रहे। प्रमुख नालों को ढकने, नाले-नालियों की सफाई, प्रतिदिन एंटी लार्वा छिड़काव एवं फॉगिंग, खराब हैंडपंपों की मरम्मत तथा पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। संपर्क मार्गों, सड़कों, इंटरलॉकिंग एवं साइड पटरी के कार्य भी समय से पूर्ण किए जाएं।