आगरालीक्स …Agra News: आगरा में लगे पोस्टर लोगों का ध्यान खींच रहे हैं, पालतू तोता प्यार से जिसे माऊ बोलते हैं लापता है, ढूंढने वाले को 50 हजार का ईनाम। जानें
आगरा में बोदला रोड पर फोटो के साथ लगे होर्डिंग पर लापता पक्षी, ढूढंने वाले को 50 हजार का ईनाम। दरअसल, कान्हा जी रेजीडेंसी, आवास विकास कॉलोनी सेक्टर चार के रहने वाले अधिवक्ता सुनील कुमार ने ये पोस्टर लगाए हैं। उन्हें सवा साल पहले एक तोता मिला था, तोते के पंख नहीं थे उसकी हालत खराब थी। वह उसे अपने घर ले आए। उसकी तबीयत में सुधार हुआ और तोता उनके परिवार का सदस्य बन गया।
माऊ को कभी पिंजरे में नहीं रखा
तोता को प्यार से सभी माऊ कहकर बुलाते हैं, माऊ भी जानता था कि उसका नाम माऊ है वह परिवार के अन्य सदस्यों के नाम भी जानता है। कभी भी तोता को पिंजरे में नहीं रखा यहां तक कि सप्ताह में एक दिन जब परिवार के साथ बाहर घूमने जाते थे तो भी तोता साथ जाता था। जब वापस लौटते थे तो माऊ कहकर आवाज लगाने पर वह वापस आ जाता था।
13 जुलाई से है लापता
तोता 13 जुलाई को घर से उड़कर सेक्टर चार के पार्क की तरफ चला गया। वह हर रोज इसी तरह से चला जाता था और कुछ देर बाद आ जाता था लेकिन कई घंटे तक तोता वापस नहीं आया तो परिजन परेशान हो गए। पार्क में पहुंचे, वहां माऊ को आवाज दी लेकिन वह नहीं लौटा। माऊ के न लौटने से परिजन परेशान हो गए, उसकी तलाश की लेकिन अभी तक कोई पता नहीं चला है। इसके बाद पोस्टर लगाए हैं, पूरा घर परेशान है दो दिन तक किसी ने खाना भी नहीं खाया।