आगरालीक्स…Agra News: आगरा में एक डबल डोर की फ्रिज का वीडियो वायरल हो रहा है, फ्रिजर में बनी आकृति को शिवलिंग जैसी मानकर श्रद्धालु पूजा कर रहे हैं। कहा जा रहा है कि अमरनाथ में बाबा बर्फानी अंतर्ध्यान होने के बाद यहां प्रकट हो गए हैं। हालांकि, इसका कोई वैज्ञानिक आधार और आस्था से जुड़ा आधार नहीं है।
अमरनाथ यात्रा शुरू होने के पांच दिन बाद ही बाबा बर्फानी अंतर्ध्यान हो गए, वैज्ञानिक इसके पीछे कम बर्फ पड़ना, ग्लेशियर का पिघलना और निर्माण कार्य के चलते तापमान में बढ़ोत्तरी कारण मान रहे हैं। इसी बीच आगरा के खेरिया मोड के नगला भुजा में डबल डोर के फ्रिज में ऊपर के हिस्से में जहां फ्रिजर है वहां बाबा बर्फानी जैसी आकृति बन गई।
भोलेनाथ के लगने लगे जयकारे
फ्रिजर में बाबा बर्फानी जैसी आकृति का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के साथ ही वीडियो में यह भी कहा जा रहा है कि अमरनाथ में बाबा बर्फानी के अंतर्ध्यान होने के बाद आगरा में बाबा बर्फानी दर्शन देने के लिए प्रकट हुए हैं। पूजा अर्चना के साथ ही भोलेनाथ के जयकारे भी लगाए जा रहे हैं। श्रद्धालु पूजा अर्चना करने के लिए पहुंच रहे हैं।