आगरालीक्स ….आगरा में कंपकंपाते होंठों से बुजुर्ग महिला ने अपनी बेटे की काली करतूत बताई, कहा सर्दी में घर से निकाल दिया है। पुलिस आयुक्त ने बुजुर्ग मां को उसके घर पहुंचाया।

आगरा के नाई की मंडी के गढ़ईया निवासी 70 साल की मुमताज बेगम सोमवार को पुलिस लाइन पहुंची। उन्होंने पुलिस आयुक्त डॉ.प्रीतिंदर सिंह को बताया कि दो दिन पहले उसके बेटे मोहम्मद कमर ने घर से निकाल दिया। घर पर ताला लगा दिया है। सर्दी में दो दिन रिश्तेदारी में रही, घर उनके पति ने बनवाया था इसके बाद भी उनका बेटा घर में रहने नहीं दे रहा है।
ताला तोड़कर मां को घर में पहुंचाया
पुलिस आयुक्त डॉ. प्रीतिंदर सिंह ने थाना नाई की मंडी प्रभारी प्रभुदयाल को पुलिस लाइन बुलाया, बुजुर्ग महिला को थाना प्रभारी के साथ सरकारी गाड़ी से उनके घर भेजा। पुलिस ने ताला तोड़कर बुजुर्ग महिला को घर में प्रवेश दिलवाया। बेटे को चेतावनी दी है कि आगे से मां को परेशान किया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।