आगरालीक्स…मेरा रंग दे बसंती चोला….आगरा में स्वरांजलि के जरिए शहीदों को किया याद. देशभक्ति के गूंजे तराने. देश के लिए मर मिटने वालों को किया गया याद
ए मेरे वतन के लोगों…, कर चले हम फिदा.., ऐ मेरे प्यारे वतन तुझ पे दिल कुर्बान…, मेरा रंग दे बसंती चोला.., ए वतन ए वतन हमको तेरी कसम.., है रीत जहां की प्रीत सदा…जैसे गीतों से महफिल सजी थी, बीते दौर के देशभक्ति के गीत गुनगुनाए जा रहे थे और यादों में बसी थीं बस सुनहरी, सुरीली, गुनगुनाती स्मृतियां।
आगरा कल्चरल एसोसिएशन द्वारा रविवार को खंदारी परिसर स्थित जेपी सभागार में “एक शाम शहीदों के नाम “स्वरांजलि” कार्यक्रम आयोजित किया गया। बालीवुड के सदाबहार गायक कलाकार लता मंगेशकर, मोहम्मद रफी, मुकेश और किशाेर कुमार आदि द्वारा गाये गीतों से 14 फरवरी 2019 में पुलवामा हमले में शहीद हुए कौशल कुमार रावत सहित सभी वीर सपूतों को स्वराें से श्रद्धांजलि दी गयी।
कलाकार तमन्ना दिवाकर द्वारा सरस सरस्वती वंदना की प्रस्तुति दी गई। इसके बाद आरंभ हुआ स्वर और संगीत का दौर जिसमें संगीत निर्देशन अध्यक्ष सुभाष सक्सेना और मंच संचालन महासचिव आरपी सक्सेना ने किया। संगत पर रोहन, मुकेश शुक्ला, बबलू, मनीष प्रभाकर, हरीश और सुभाष सक्सेना की रही। मंच पर गीतों की प्रस्तुतियाें ने दर्शकदीर्घा को भाव विभाेर कर दिया। शहीदों को श्रद्धांजलि देने में आम से लेकर चिकित्सक वर्ग भी शामिल रहा।
राजू सक्सेना, हरीश आहुजा, सीमा रानी, शैलेश सक्सेना, विशाल रायजादा, अनुष्का, देवेश,तरंग, शिव कुमार, डॉ विकास जैन, डॉ रूपक सक्सेना, डॉ मंजरी शुक्ला,देवेश अग्रवाल,मुकेश शर्मा, सी पी गुप्ता,सुमन गुप्ता ,सुनील अग्रवाल अरुन साहू, रजत गोयल, सचेंद्र कुमार सिंह, शैलेश सक्सेना ने अपने सुरीले कंठ से वीर रस के गीतों को स्वर दिए। रुचिता, रूचि शर्मा एवं निधि गुप्ता के निर्देशन में नन्हें कलाकारों ने वीर गाथा पर आधारित नृत्य प्रस्तुतियां देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। भरत दीप माथुर को उर्दू अदब के गज़ल शिरोमणि से एवमं रजत गोयल को पंडित शारदा प्रसाद शर्मा संगीत सम्मान से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक गीत प्रस्तुति मेरा रंग दे बसंती चोला मेरा रंग दे…से हुआा।