आगरालीक्स… खाली जमीन पर पौधे लगा देना, व्यर्थ बहते पानी को देख नल को बंद कर देना, कचरे को खाद बना देना, क्या ये इतना कठिन है जो हम कर नही सकते, प्रकृति प्रेमियों ने झकझोरा अभी नही तो कभी नही
घर की खाली जमीन, बालकनी या छत पर पौधे लगाना, पेड़ पौधों को नुकसान पहुंचाने वालों को टोकना, घर के कचरे को खाद में बदलना, बाजार जाते वक्त कपड़े के थैले लेकर चलना, पॉलीथिन या प्लास्टिक का उपयोग न करना आदि। क्या यह सब इतना कठिन है जो हम कर नही सकते ? यह सवाल है प्रकृति प्रेमियों का।

रोटरी क्लब आगरा मिडटाउन ने विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष में होटल क्लार्क शिराज में एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता के रूप में इको फ्रेंड्स वेलफेयर सोसाइटी की सचिव अंजू दियालानी एवं अध्यक्ष डॉ मनिंदर कौर ने पर्यावरण संरक्षण के सरल उपायों से सभा को अवगत कराया। कहा कि अगर हम इस धरती को बचाना चाहते हैं तो यह किसी एक के करने से नही होगा। पर्यावरण को बचाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है। हम में से बहुत लोग बहुत कुछ कर सकते हैं तो कई ऐसे हैं जो छोटा प्रयास कर सकते हैं, लेकिन बूंद बूंद से ही समंदर बनता है। इसलिए प्रकृति को बचाने के लिए अपने आस पास छोटे छोटे प्रयास जरूर कीजिए।
अध्यक्ष विनय चन्द्र सेठ, सचिव संजय शर्मा एवं लव कुमार वार्ष्णेय ने भी अपने विचार रखे। क्लब के वरिष्ठ सदस्य ललित प्रसाद, नव निर्वाचित अध्यक्ष रवि अग्रवाल, सुरेंद्र शर्मा, प्रमोद खंडेलवाल, पंकज अग्रवाल, अलका अग्रवाल आदि ने भाग लिया। सहारनपुर से पधारी नीरा गर्ग ने काव्य पाठ प्रस्तुत किया। श्री अमूल कक्कड़ जी ने धन्यवाद ज्ञापित किया।