आगरालीक्स…आगरा में विवि के दो एनएसएस उत्कर्ष और करण का गणतंत्र दिवस परेड के लिए हुआ चयन..नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर होंगे शामिल
डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के लिए यह अत्यंत गर्व और सम्मान का विषय है कि विश्वविद्यालय से संबद्ध राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के दो स्वयंसेवकों — उत्कर्ष कुमार (आगरा कॉलेज, आगरा) एवं करण यादव (श्री राम सिंह महाविद्यालय, टूंडला, फिरोजाबाद) — का चयन प्रतिष्ठित गणतंत्र दिवस परेड शिविर–2026 हेतु हुआ है।कुलपति प्रो. आशु रानी ने इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह चयन विश्वविद्यालय के लिए एक बड़ी उपलब्धि है और यह एनएसएस स्वयंसेवकों की अनुशासन, सेवा-भावना, नेतृत्व क्षमता एवं निरंतर परिश्रम का प्रतिफल है। उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर हर्ष व्यक्त किया कि फिरोजाबाद जनपद से पहली बार किसी स्वयंसेवक का इस शिविर के लिए चयन हुआ है, जो क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ की कार्यक्रम समन्वयक डॉ. पूनम तिवारी ने बताया कि वे 1 से 31 जनवरी तक दिल्ली में रहकर प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे और 26 जनवरी 2026 को नई दिल्ली स्थित कर्तव्य पथ पर उत्तर प्रदेश एवं विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए राष्ट्र सेवा का गौरवपूर्ण अवसर प्राप्त करेंगे। यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी राष्ट्रीय सेवा और उत्कृष्टता के पथ पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।