आगरालीक्स…आगरा में 100 से अधिक कोचिंग संचालक पहुंचे डीएम के पास. बोले—बिना नोटिस दिए कोचिंग संस्थान किए जा रहे सील. समय दिया जाए जिससे मानक पूरा कर सकें…
लखनऊ में हुए कोचिंग अग्निकांड के बाद पूरे प्रदेश में नियमों की अवहेलना कर चल रहे कोचिंग संस्थानों, लाइब्रेरी आदि पर कार्रवाई की जा रही हैं. आगरा में भी काफी संख्या में कोचिंग संस्थानों को सील किया गया है. संकरे रास्ते और आग बुझाने वाले यंत्रों के साथ अन्य मानक पूरे न होने वाले कोचिंगों पर कार्रवाई की गई है. इसको लेकर कोचिंग संचालकों में रोष है. सोमवार को 100 से अधिक कोचिंग संचालक ऑल प्रोग्रेसिव टीचर्स एसोसिएशन आप्टा के नेतृत्व में जिलाधिकारी से मिले.जिलाधिकारी आगरा मनीष बंसल को आप्टा एसोसिएशन ने ज्ञापन सौंपा और अपनी मांगों को रखा. कोचिंग संचालकों का कहना है कि जिस तरीके से आगरा में कोचिंग संस्थानों को सील किया जा रहा है और शिक्षकों का उत्पीड़न किया जा रहा है, उसे रोका जाए. कोचिंग संस्थानों को कुछ दिनों का समय दिया जाए जिससे वो मानकों को पूरा कर सकें. उन्होंने मांग की कि कोचिंग संस्थानों को बिना नोटिस दिए सील ना किया जाए. सभी शिक्षण संस्थाओं की एक मीटिंग बुलाएं और उसमें कोचिंग संस्थाओं से जुड़े हुए समस्त मानकों का विवरण देते हुए उनकी समीक्षा की जाये और उन्हें पूरा करने की लिए उचित समय दिया जाए.
इसके अलावा शिक्षकों ने ऑफिस पहुंचकर जॉइंट सेक्रेटरी से मुलाकात की। इस दौरान आप्टा संस्थापक व संयोजक डॉ सुनील उपाध्याय, महासचिव मुकेश मिरचंदानी, डॉ रोहित दीक्षित, वैभव बंसल, दीपक धनकनी, डॉ सारिका, पियूष गर्ग, राजकुमार गुप्ता, उमेश टिन्ना, नीरज शर्मा, संतोष गुप्ता, सत्यवीर सिसोदिया, प्रवेंद्र चौहान, नितिन मित्तल, अनिल रजवानी, रवि शर्मा, डॉ दयाल सरन आदि उपस्थित रहे.