आगरालीक्स…आगरा के मानसिक रोगियों ने कढ़ाई और बुनाई के जरिए बनाई हस्तकला की बेहतरीन वस्तुएं. जिसने भी देखा, बजाई तालियां…
मानसिक स्वास्थ्य संस्थान एवं चिकित्सालय आगरा में विश्वस्वास्थ्यसंगठन एवं विभिन्न सदस्य देशों की सरकारों के आह्वान पर इस सप्ताह मानसिक स्वास्थ्य के विषय में जनजागरूता के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर मानसिक स्वास्थ्य संस्थान एवं चिकित्सालय आगरा में आज मानसिक रोगियों के द्वारा निर्मित हस्तकला की प्रदर्शनी लगाई गई। इसका उद्घाटन विधायक पुरूषोत्तम खंडेलवाल द्वारा किया गया। इस प्रदर्शनी में मानसिक रोगियों के द्वारा बनाए गए कढ़ाई, बुनाई, कृत्रिम आभूषण एवं अन्य हस्तकला की वस्तुओं का प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शनी 10 अक्टूबर तक चलेगी।
समारोह में संस्थान के कर्मचारियों, रोगी बंधुओं, उनके परिजनों तथा स्वंयसेवी संस्थाओं प्रतिभाग किया। उद्घाटन के बाद समारोह को संबोधित करते हुए विधायक पुरूषोत्तम खंडेलवाल ने परिवार और समाज में उपेक्षित मानसिक रोगियों को उपचार और प्रशिक्षण द्वारा मुख्य धारा में सम्मिलित करने के संस्थान प्रशासन के कार्यों की सराहना की। संस्थान के निदेशक प्रो. दिनेश सिंह राठौर ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन के द्वारा इस वर्ष जनजागरूकता की थीम- “मानसिक स्वास्थ्य; एक सार्वभौमिक मानवाधिकार” है। समाज को मानसिक रोगियों के मानवाधिकार की रक्षा के लिए उनके आत्मसम्मान की रक्षा, भेदभाव रहित वातावरण, उपचार की व्यवस्था और उनके प्रति हेय-दृष्टि से की भावना को त्यागना होगा। कार्यक्रम में डा अनिल सिसोदिया, डा. आनंद राय, डा चंचल चन्द्रा, डा ब्रजेश अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।