आगरालीक्स…आगरा के ताजगंज श्मशान घाट पर जला दी कुत्ते की चिता. आक्रोश, कमेटी पदाधिकारियों पर केस दर्ज
आगरा के ताजगंज मोक्ष धाम पर बने मानव अंतिम संस्कार स्थल पर कुत्ते की चिता जलाने के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है. बुधवार को परिचित के शव का अंतिम संस्कार कराने पहुंचे हिंदूवादी नेता की तहरीर पर यह कार्रवाई की है. उन्होंने श्मशान घाट की प्रबंधन कमेटी के पदाधिकारियों, प्रबंधक और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
जानिए क्या है मामला
आगरा कैंट स्थित मुस्तफा क्वार्टर में रहने वाले अनुपम शर्मा हिंदूवादी नेता हैं. उन्होंने बताया कि बुधवार को वह अपने एक परिचित के अंतिम संस्कार के लिए ताजगंज मोक्षधाम पहुंचे थे. यहां उन्होंने मानव शवों की चिताएं जलाने वाले स्थान पर कुत्ते की चिता जलती देखी. इस पर उन्होंने मौके पर मौजूद कमेटी के लोगों से इसकी शिकायत की. आरोप है कि कमेटी के लोग इस पर अभद्रता करने लगे. उन्होंने बताया कि वहां मौजूद एक शख्स ने स्वीकार किया कि कुत्ते का अंतिम संस्कार उसी ने हिंदू रीति रिवाज से कराया है. अनुपम शर्मा का कहना है कि इस कृत्य से धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है.
इस मामले में पुलिस ने शिकायत पर कमेटी के पदाधिकारी, प्रबंधक व अन्य कर्मचारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. आरोपी की जांच की जा रही है. वहीं श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी के अध्यक्ष अनिल जिंदल ने मीडिया से कहा कि कमेटी के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच की. सख्त हिदायत दी गई है कि आगे से ऐसा न हो. जहां तक अभद्रता का आरोप है तो किसी ने अभद्रता नहीं की है.