आगरालीक्स…आगरा में कल और परसों दुर्गा प्रतिमा विसर्जन. पुलिस अधिकारियों ने देखीं सभी घाटों पर जाकर व्यवस्थाएं. घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल रहेगा तैनात..
आगरा में सोमवार और मंगलवार को दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा. ऐसे में आज रविवार को पुलिस उपायुक्त नगर रवीन्द्र कुमार द्वारा पुलिस बल के साथ रुनकता घाट व कैलाश मंदिर थाना सिकंदरा, पोईयां घाट थाना न्यू आगरा, हाथी घाट थाना छत्ता, बल्केश्वर घाट थाना कमला नगर व दशहरा घाट थाना ताजगंज का निरीक्षण कर शारदीय नवरात्रि के मूर्ति विसर्जन के दृष्टिगत सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़, सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, पार्किंग एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश प्रदान किए गए। साथ ही घाट क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सतत निगरानी, जल पुलिस एवं अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए, जिससे विसर्जन के दौरान कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित रहे।