आगरालीक्स…मनकामेश्वर मंदिर में भीड़ में दो बच्चे अपनी मां से बिछुड़ गए. 7 साल की बहन और 5 साल का भाई. महिला आरक्षी ने ऐसे दोनों बच्चों को मां से मिलवाया…
श्रावण मास के प्रथम सोमवार को श्री मनकामेश्वर मंदिर में भीड़भाड़ में दो बच्चे अपनी मां से बिछुड़ गए. थाना मंटोला पुलिस की सूझ बूझ के साथ मां को तलाश कर दोनों बच्चों को सकुशल सुपुर्द कर दिया गया.

सावन के पहले सोमवार को थाना मंटोला पुलिस मनकामेश्वर मंदिर में मुस्तैदी से तैनात थी. सोमवार का दिन होने के कारण काफी भीड़ थी. इस दौरान दो बच्चे जिनमें एक सात साल की लड़की और एक पांच साल का लड़का अपनी मां से बिछुड़ गए और मंदिर के बाहर खड़े होकर रो रहे थे. इधर सादा कपड़ों में तैनात पुलिस बल की महिला आरक्षी विमल द्वारा मित्रवत व्यवहार करते हुए दोनेां बच्चों को अस्थाई पुलिस चौकी लाया गया और उनके माता पिता के विषय में जानकारी की गई.
इसके बाद एनाउंसमेंट कराकर, लोगों से पूछताछ, सीसीटीवी आदि के माध्यमों से बच्चों की मां को तलाशा गया और दोनों बच्चों को सकुशल उनके सुपुर्द किया गया. बच्चों को सकुशल पाकर मां ने पुलिस टीम एवं महिला आरक्षी को बहुत धन्यवाद दिया है.