आगरालीक्स…आगरा में शिल्पग्राम पार्किंग में पुलिसकर्मी पर गाइड को पीटने का आरोप. एप्रूव्ड गाइड एसोसिएशन धरने पर बैठे. पुलिस के खिलाफ की नारेबाजी
आगरा में ताजमहल के पूर्वी गेट स्थित शिल्पग्राम पार्किंग में पुलिस पर एक गाइड की पिटाई करने के आरोप का मामला सामने आया. गाइड की पिटाई होने पर एप्रूव्ड गाइड एसोसिएशन ने इसको लेकर हड़ताल कर दी और ताजमहल की दोनों ओर की पार्किंग में आफिस बंद कर धरने पर बैठ गए और जी20 के दौरान गाइडों की सेवाएं देने से इनकार कर दिया. इस पर पुलिस और पर्यटन अधिकारियों ने दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया जिसके बाद धरना खत्म हुआ.

ये है पूरा मामला
आरोप है कि गुरुवार को ताजमहल के पूर्वी गेट स्थित शिल्पग्राम की पार्किंग में एक पर्यटक से बात कर रहे गाइड गणेश कुमार ठाकुर के साथ एक पुलिसकर्मी ने बदतमीजी और पिटाई कर दी. यह पुलिसकर्मी पर्यटन थाने में कांस्टेबल बताया गया है. गाइड की पिटाई के दौरान साथी गाइड वीडियो बनाने लगे तो तीन अन्य पुलिस कांस्टेबलों ने मोबाइल छीन लिए. इधर पिटाई से गणेश के मुंह से खून निकल आया जिसे बाद में अस्पताल ले जाया गया. घटना से गुस्साए गाइडों ने हड़ताल शुरू कर दी और शिल्पग्राम में बने गाइड आफिस पर धरना देना शुरू कर दिया. तीनों गाइड एसोसिएशन के अध्यक्षों ने जी20 के दौरान सेवाएं देने से इनकार करने की धमकी दे दी.
इस मामले में पर्यटन थाना प्रभारी और एसीपी ताज सुरक्षा से बात की गई. एसीपी ताज सुरक्षा ने दोषी कांस्टेबल के खिलाफ जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिया जिसके बाद गाइडों ने धरना समाप्त किया.