आगरालीक्स…कानून के सम्मान में राधास्वामी सत्संग सभा ने यमुना की तलहटी से हटाकर शिफ्ट किया बैकुंठ धाम बोर्ड. सत्संगियों को प्रशासन से मिला ये वादा
कानून के सम्मान और प्रशासन के अनुरोध पर राधास्वामी सत्संग सभा ने यमुना जल पर्यावरण संरक्षण को चलाए जा रहे स्वच्छता व मानव स्वास्थ्य के लिए अत्यधिक कल्याणकारी दुर्लभ प्रजाति की औषधि गुणयुक्त वनस्पतियों के संरक्षण तथा शोध अभियान में लगाए गए बैकुंठ धाम बोर्ड को अपने स्वामित्व वाली निजी भूमि पर शिफ्ट कर दिया है। बैकुंठ धाम बोर्ड शिफ्ट करने की कार्रवाई गुरुवार देर रात सत्संग सभा के आचार्य प्रेम सरन सत्संगी साहब की पावन उपस्थिति में की गई।

इससे पहले प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने सत्संग सभा के पदाधिकारियों से ऐसा करने का अनुरोध किया था। उनका यह भी वादा है कि दयालबाग का स्वच्छता अभियान जोकि पिछले करीब 100 वर्षों से अनवरत जारी है, बना रहेगा और प्रशासन उसमें कोई रोड़ा नहीं अटकाएगा और ना ही किसी अन्य को रोड़ा अटकाने देगा। जिला प्रशासन ने यह भी वादा किया है कि वह पोइया घाट पर हो रही असामाजिक और गैर कानूनी गतिविधियों पर रोक लगाने के साथ ही वहां पर हुए अतिक्रमण और अवैध निर्माणों को अभियान चलाकर हटाएगा। साथ ही पंपिंग सेट लगाकर यमुना के पानी की जा रही चोरी व यमुना तट पर की गई इलेक्ट्रिक फेंसिंग को भी हटाने की कार्रवाई करेगा।