आगरालीक्स…ताजमहल देखने पहुंचे राहुल द्रविड़, लेकिन अपनी सादगी से लोगों का दिल जीत ले गए. ये भी वीआईपी हैं, लेकिन आम लोगों की तरह चेकिंग के बाद ली एंट्री, किसी को नहीं हुई परेशानी. देखें फोटोज
पूर्व भारतीय कप्तान और भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने अपनी सादगी से आगरा के लोगों का भी दिल जीत लिया. क्रिकेट के मैदान पर भी शांत रहने वाले द्रविड़ ने आज ताजमहल का दीदार किया. आगरा में जब भी कोई वीआईपी आता है या फिर कोई फिल्म स्टार ताजमहल का दीदार करने के लिए पहुंचता है तो उसकी सिक्योरिटी इतनी टाइट होती है कि प्रशंसकों को उनसे काफी दूर कर दिया जाता है. लेकिन आज हम बात कर रहे हैं ‘द वॉल’ राहुल द्रविड़ की. ये भी किसी वीआईपी या फिल्म स्टार से कम नहीं हैं, लेकिन राहुल द्रविड़ ने आम लोगों की तरह चेकिंग के बाद ताजमहल में एंट्री की. अपने साथ राहुल द्रविड़ को देख फैंस भी खुश हो गए. राहुल द्रविड़ करीब आधा घंटा तक ताजमहल में रहे और इस दौरान उन्होंने गाइड से ताजमहल की पच्चीकारी के बारे में जानकारी ली.

पुलिसकर्मियों के साथ खिंचवाया फोटो
राहुल द्रविड़ ने इस दौरान ताजमहल के अंदर और बाहर भी पुलिसकर्मियों के साथ फोटो खिंचवाया. ब्लैक टीशर्ट में राहुल द्रविड़ शानदार लग रहे थे. यही नहीं राहुल द्रविड़ के साथ फोटो कराने के लिए लोग भी बेताब दिखे.

शनिवार को फतेहपुर सीकरी पहुंचे
भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ शनिवार सुबह करीब नौ बजे फतेहपुर सीकरी देखने के लिए पहुंचे. उनके साथ उनकी पत्नी विजेता और बेटे समित व अन्वय भी साथ थे. पुलिस ने वीआईपी गेट से उन्हें स्मारक में प्रवेश कराया. लाल रंग की टीशर्ट, ब्लैक ट्राउजर और कैप पहने द्रविड़ के स्मारक में एंट्री करते ही लोगों ने उन्हें तुरंत पहचान लिया. राहुल द्रविड़ ने दीवान ए आम, दीवान ए खास, चौपड़, आंख मिचौली मदरसा, टर्की सुल्ताना, अनूप तालाब, पंच महल, बीरबल पैलेस, जोधाबाई पैलेस, खजाना महल का भ्रमण किया. वह करीब डेढ़ घंटे तक स्मारक में रहे. उन्हें गाइट दिनेश गोला ने स्मारक के इतिहास और वास्तुकला के बारे में जानकारी दी.