आगरालीक्स…आगरा के राहुल नगर को मिली 1.5 करोड़ के विकास की सौगात. महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने विकास कार्यों का किया लोकार्पण
लोहामंडी जोन के वार्ड-42 राहुल नगर क्षेत्र में महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने शनिवार को लगभग 1.5 करोड़ रुपये की लागत से हुए विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने कहा कि राहुल नगर के निवासियों की लंबे समय से मांग की थी कि उनके क्षेत्र में सड़क व नालों के निर्माण जैसे विकास कार्यों को कराया जाना है। लोगों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए नगर निगम द्वारा क्षेत्र में नाली, सड़क, सीसी इत्यादि कार्य कराए गए हैं। अब जब कार्य पूरा हो गया है तो क्षेत्र के लोगों को इसका लाभ मिलेगा।
महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में मेरा उद्देश्य है कि शहर के किसी भी क्षेत्र में लोग विकास कार्यों से वंचित न रहें। विकास कार्य न सिर्फ क्षेत्र बेहतर बनाते हैं बल्कि क्षेत्रीय लोगों के जनजीवन को भी बेहतर व सुविधाजनक करते हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जो भी शेष विकास कार्य रह गए हैं उन्हें भी जल्द संपन्न कराया जाएगा।
पार्षद रवि कुमार करोतिया ने कहा कि संपन्न हुए विकास कार्य से वार्ड-42 के अंतर्गत आने वाले राहुल नगर, शारदा विहार, जहारपुरी, दुबे विहार, कंचन विहार, दुर्गा विहार, ममता विहार, शारदा विहार फेस-2, फेस-3 सहित दस कॉलोनियों के क्षेत्रवासियों को लाभ मिलेगा। इस दौरान मंडल अध्यक्ष राहुल जैन, अन्नू दुबे, ओमप्रकाश गोला, टीएन सिंह चौहान, मनोज चौहान, करण सिंह, प्रदीप कौशिक, आकाश, अरुण ठाकुर, दीपक ठाकुर, राजकुमार सहित क्षेत्र की जनता मौजूद रही।