आगरालीक्स ….आगरा में जीएसटी के सर्वे के दौरान मारपीट में फर्म के मालिक, उनके बेटे और नाती को पुलिस ने किया अरेस्ट। व्यापारी विरोध पर अड़े आज जीएसटी के अधिकारियों को सौंपेंगे अपने प्रतिष्ठानों की चाबी।

आगरा में 14 जून 2022 यानी मंगलवार को स्टेट जीएसटी की टीम रामा ट्रेडर्स, राजेश्वर मंदिर के पास शमसाबाद रोड पर सर्वे के लिए पहुंची थी। सर्वे में टीम को कच्चे बिल मिले, इसके बाद विरोध होने लगा। जीएसटी के अधिकारी और व्यापारियों ने एक दूसरे पर मारपीट के आरोप लगाए। इस मामले में स्टेट जीएसटी के डिप्टी कमिश्नर विनोद तिवारी द्वारा थाना सदर में दर्ज कराए गए मुकदमे में आरोप लगाए थे कि रामा स्टील के संचालक ओम प्रकाश गोस्वामी, उनके बेटे रामसेवक ने सर्वे के दौरान तलाशी का विरोध किया। वारंट के बाद की गई जांच में रामा स्टील परिसर से करोड़ों के कच्चे बिल, तीन डायरी, सात छोटी कापियां जब्त की गई, ये सभी अभिलेख नियमित एकाउंट बुक से अलग थे। व्यापारी ने कच्चे बिल, डायरी और किताबें छीन लीं और भाग गए। इसके बाद दोबारा आए और असिस्टेंड कमिश्नर विजय कुमार, सिपाही शरद कुमार पर हमला बोल दिया, वर्दी फाड़ दी।
रामा स्टील के संचालक, बेटा और नाती अरेस्ट #agranews# Agralocalnews#
इस मामले में एसपी सिटी विकास कुमार के निर्देशन में दबिश दी गई। पुलिस ने रामा स्टील के संचालक ओमप्रकाश गोस्वामी, राम सेवक और रामसेवक के बेटे नितिन गोस्वामी को अरेस्ट कर लिया।
आज चाबियां सौंपेंगे लोहा व्यापारी #stategstsurvey# #agrabusinessman#
व्यापारी पिता पुत्र और नाती को अरेस्ट किए जाने से व्यापारियों में आक्रोश है। आगरा लोहा व्यापार एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल का कहना है कि गुरुवार को 11 बजे स्टेट जीएसटी के एडिशनल कमिश्नर ग्रेड वन एके सिंह को सर्वे में नाम पर हो रहे व्यापारियों के उत्पीड़न के विरोध में चाबियां सौंप देंगे। अब दुकान नहीं चलानी, एसआईबी के अधिकारी ही दुकान चलाएं, अधिकारियों का रुख जानने के बाद अनिश्चितकालीन बाजार बंदी की घोषणा की जाएगी।