आगरालीक्स…आगरा में सजाई दीपों की श्रृंखला. राष्ट्र सेविका समिति ने मनाया दीप महोत्सव
राष्ट्र सेविका समिति द्वारा सरस्वती शिशु मंदिर कमला नगर आगरा पर दीप महोत्सव का आयोजन किया गया। इस आयोजन में भारत माता के मानचित्र पर दीपों की श्रृंखला सुसज्जित की गई। पूर्वी महानगर कार्यवाहिका मीना गुप्ता ने कहा राष्ट्र सेविका समिति आगरा प्रतिवर्ष दीपावली के उपलक्ष्य में दीप महोत्सव का आयोजन करती है। इस अवसर पर हम मां भारती के मानचित्र को दीपों की श्रृंखला से सुसज्जित करते हैं जो अखंड भारत का प्रतीक है और कामना करते हैं कि भारत के प्रत्येक राज्य, प्रांत और प्रत्येक घर में शिक्षा और संस्कार की ज्योति प्रज्ज्वलित हो। भारतवर्ष एक सशक्त राष्ट्र के रूप में विश्व पटल पर अपना नाम अंकित करे।

संगीता जैन ने बताया राष्ट्र सेविका समिति प्रतिवर्ष दीपावली के उपलक्ष्य में दीपोत्सव का आयोजन करती है। दीपोत्सव का आयोजन हमें अंधकार पर प्रकाश की विजय, असत्य पर सत्य की विजय, अज्ञान पर ज्ञान की विजय का संदेश देता है। रश्मि वर्मा ने कहा भारतवर्ष में आज परिवर्तन की एक लहर चल पड़ी है। आज राजनीतिक सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्र में राष्ट्रभाव जागृत हो रहा है। रामराज्य की परिकल्पना साकार प्रतीत हो रही है। आयोजन में रश्मि वर्मा, भावना वरदान शर्मा, अंजलि चतुर्वेदी , गरिमा शर्मा,शालिनी वंदना, बीना जैन ,शीतल, गुंजन, अचला, भारती एवं बड़ी संख्या में राष्ट्र सेविका समिति के बहनें उपस्थिति रहीं।