आगरालीक्स…आगरा सहित यूपी में रेस्टोरेंट, ढाबे, होटल्स के बाहर बोर्ड पर संचालक, मैनेजर का नाम और पता लिखना होगा. किचन के अंदर भी लगाने होंगे सीसीटीवी, कर्मचारियों का होगा वैरीफिकेशन
यूपी में अब खाने पीने की वस्तुओं में मानव अपशिष्ट और गंदी चीजों के मामले सामने आने के बाद सरकार की ओर से बड़ा निर्णय लिया गया है. मंगलवार को उच्चस्तरीय बैठक में सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के सभी होटल्स, रेस्टोरेंट और ढाबों की गहन जांच और वहां काम करने वाले कर्मचारियों के सत्यापन के निर्देश दिए हैं.
संचालक, प्रोपराइटर, मैनेजर का लिखना होगा नाम
प्रदेश के सभी होटल्स, रेस्टोरेंट, ढाबों के बाहर बोर्ड लगाना होगा. इस बोर्ड पर संचालक, प्रोपराइटर, मैनेजर का नाम और पता लिखना अनिवार्य होगा. इसके साथ ही वहां काम करने वाले कर्मचारियों का पुलिस द्वारा सत्यापन किया जाएगा. किचन में काम करने वाले कर्मचारियों को मास्क और ग्लब्स का इस्तेमाल करना होगा. इसके लिए पुलिस के साथ ही एफएसडीए की टीम भी नजर रखेगी.
किचन में भी सीसीटीवी अनिवार्य
खाने—पीने के प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी भी अनिवार्य किया गया है. जहां लोग खाना ख रहे हैं वहां तो सीसीटीवी लगाना होगा, इसके साथ ही रसोई में भी सीसीटीवी अनिवार्य कर दिया गया है. इससे कभी भी सीसीटीवी फुटेज को देखकर खाने की गुणवत्ता का पता लगाया जा सके. सीसीटीवी फुटेज को सुरक्षित भी रखना होगा, जिससे शिकायत मिलने पर फुटेज से उसे चेक किया जा सकेगा.