आगरालीक्स…आगरा में विवि परीक्षाओं की निगरानी बढ़ी. पेपर लीक जैसी घटना न हो इसके लिए नोडल केंद्रों पर लगाए आरएफआईडी लॉक..जानिए क्या है इस लॉक की खासियत
विश्वविद्यालय परीक्षाओं की निगरानी बढ़ा दी गई है और कई स्तरों पर प्रश्न पत्रों के वितरण एवं परीक्षाओं पर नजर रखी जा रही है. क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी द्वारा भी लगातार नोडल केंद्रों का निरीक्षण किया जा रहा है. सभी नोडल केंद्रों पर आरएफआईडी लॉक लगवाए जा चुके हैं और आज द्वितीय पाली में विश्वविद्यालय से कमांड देकर कई लॉक्स को खोला गया है. आरएफआईडी एक डिजिटल लॉक है. इसके अलावा दरवाजे के ऊपर वीडियो कैम्रा भी लगाया गया है. सभी 32 नोडल केंद्रों पर यह लॉक लगाए जा चुके हैं.

शिकायत मिलने पर लिए जा रहे कड़े निर्णय
कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने बताया कि श्री कृष्ण योगीराज महाविद्यालय सिकंदराराऊ हाथरस में सामूहिक नकल की आशंका से इस परीक्षा केंद्र को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है. वरिष्ठ आचार्यों की टीमें भी लगातार नोडल केंद्रों की निगरानी कर रही हैं. जहां जहां परीक्षा केंद्रों की शिकायतें मिल रही हैं, वहां तत्काल कड़े निर्णय भी लिए जा रहे हैं. शुचिता पूर्ण परीक्षाएं कराने के लिए विश्वविद्यालय सदैव प्रतिबद्ध रहेगा.