आगरालीक्स ….आगरा में डिलीवरी कंपनी delhivery के हब से टीवी, होम थिएटर, फ्रिज सहित इलेक्र्टोनिक आइटम चोरी, आनलाइन मंगाए गए प्रोडक्ट की कंपनी द्वारा डिलीवरी की जाती है।
आगरा के शास्त्रीपुरम के गांव जाउपुरा में डिलेवरी कंपनी देहलीवेरी का हब है, यहां आनलाइन बुक किए गए प्रोडक्ट आते हैं। इन्हें देहलीवेरी के कर्मचारी लोगों के घर तक पहुंचाते हैं। हब में रंजीत सिंह चौहान सुरक्षा अधिकारी हैं। उन्होंने थाना सिकंदरा में मुकदमा दर्ज कराया है।

लाखों रुपये के फ्रिज, टीवी चोरी
थाना सिकंदरा में दर्ज कराए गए मुकदमे में लिखा गया है कि दीवाली के बाद कंपनी के हब का आडिट कराया गया। इसमें टीवी, पंखे, होम थिएटर, फ्रिज सहित अन्य उपकरण गायब मिले, इसके बाद सीसीटीवी की जांच कराई गई। जिससे पता चल सके कि लाखों रुपये के इलेक्र्टोनिक आइटम गायब कैसे हो गए।
सीसीटीवी में दिखाई दिए सामान ले जाते हुए
सुरक्षा अधिकारी द्वारा थाना सिकंदरा में दर्ज कराए गए मुकदमे में कहा गया है कि सीसीटीवी में कंपनी के कर्मचारी, बिजनेस पार्टनर की गाड़ियों के चालक और हेल्पर सामान ले जाते हुए दिखाई दिए। उन्हें एक व्यक्ति कॉल कर रहा था जो खुद को सिकंदरा थाने का दरोगा बता रहा था। जबकि जिस मोबाइल नंबर से फोन किया गया वह रोहता निवासी सचिन शर्मा का है, वह दरोगा बनकर बात कर रहा था और कंपनी से चोरी किए गए सामान को खरीदता है। सिकंदरा पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है जांच की जा रही है।