आगरालीक्स…Agra News: आगरा के स्कूलों में किताब और ड्रेस से कमाई की शिकायत पर जांच, तीन साल तक पाठ्यक्रम और ड्रेस न बदलने और किसी एक दुकान से किताब कॉपी खरीदने के लिए बाध्य करने पर कार्रवाई का प्रावधान। (Agra News: School’s Compel to purchase Books & Dress from particular shops in Agra, Notice issue)
आगरा के स्कूलों में रिजल्ट घोषित होने के साथ ही किताब और ड्रेस के लिए दुकान के नाम स्कूल की तरफ से बताए जा रहे हैं, इन दुकानों पर किताब कॉपी और ड्रेस के लिए मनमानी कीमत वसूली जा रही है। इसका अभिभावक विरोध कर रहे हैं। गुरुवार को शिकायत मिली कि सेंट पैट्रिक स्कूल में पैरेंटस मीटिंग में अभिभावकों को निर्धारित दुकानों से ड्रेस और किताब कॉपी लेने के लिए कहा गया। इस पर सुबह 10 बजे खंडे विकास अधिकारी महेश पटेल, मानवेंद्र सिंह, जीआईसी इंटर कॉलेज के प्राधानाचार्य स्कूल में पहुंच गए। सेंट पैट्रिक की प्रधानाचार्य से पिछले तीन सत्र की पाठयपुस्तकों का विवरण मांगा लेकिन वे नहीं दे सके। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि स्कूल में काउंटर लगाकर ड्रेस की बिक्री की जा रही है। अभिभावकों को माहेश्वरी बुक डिपो से पाठयपुस्तक खरीदने की स्लिप दी जा रही है। पाठृयक्रम भी बदल दिया गया है। प्रधानाचार्य को नोटिस देकर विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
कक्षा 5 तक की पुस्तकें 9 हजार की
स्कूलों द्वारा जिन बुक सेलर से किताब कॉपी खरीदने के लिए स्लिप दी जा रही है वहां से कक्षा पांच तक की पुस्तकें नौ हजार रुपये तक में मिल रही हैं कोई छूट भी नहीं दी जा रही है। इससे अभिभावकों का भी गुस्सा फूट रहा है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जितेंद्र गौड़ का कहना है कि शासन के निर्देशानुसार तीन वर्ष तक पाठयक्रम और ड्रेस में बदलाव नहीं कर सकते हैं। स्कूलों में एनसीईआरटी की किताबें अनिवार्य हैं।