आगरालीक्स…आगरा में अपहरण और मर्डर का सनसनीखेज खुलासा. छह महीने से लापता था चांदी कारीगर. आज पता चला चांदी चुराने के आरोप में उसकी हत्या कर दी गई है. जानें किस तरह से दिया था वारदात को अंजाम
आगरा की थाना एत्माद्दौला पुलिस ने अपहरण कर हत्या करने वाले तीन आरोपियों को अरेस्ट किया है. मृतक छह महीने पहले से लापता था और आज पुलिस ने इसका खुलासा किया. पकड़े गए तीन आरोपियों में एक चांदी कारोबारी भी है. पुलिस ने तीनों को जेल भेज दिया है.
ये है पूरा मामला
थाना एत्माद्दौला पुलिस को छही माह पहले राशिद नामक युवक के लापता होने की शिकायत मिली थी. पुलिस ने ने उसकी गुमशुदगी दर्ज की और तलाश भी की लेकिन युवक का कुछ पता नहीं चल सका. इस पर युवक के भाई ने भी उसकी तलाश की और कई जानकारी जुटाना शुरू किया. भाई ने 5 मई को दोबारा तहरीर दी और राशिद के मालिक चांदी व्यवसायी शिवम निवासी नगला देवजी के ऊपर शक जताया. पुलिस को जानकारी हुई कि मृतक अपनी नानी के यहां रहता था और चांदी व्यवसायी ने राशिद को किसी काम से बाहर भेजने की बात उसकी नानी को बताई थी. इसके बाद और पूछताछ में राशिद को आखिरी बार भी चांदी व्यवसायी शिवम और उसके दो दोस्तों के साथ देखे जाने की पुष्टि हुई. पुलिस ने शिवम के बारे में पता किया तो पता चला कि चांदी का काम बदं हो गया है और शिवम कहीं बाहर जा रहा है. इस पर पुलिस ने तत्काल अपहरण की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया और तलाश शुरू कर दी.

पुलिस ने सोमवार रात को शाहदरा चुंगी से शिवम और उसके दो दोस्तों आशीष और नीरज को अरेस्ट कर लिया. पूछताछ में उन्होंने राशिद की हत्या कर शव को नदी में फेंकने की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि राशिद न पायल बनाने के दौरान काफी चांदी चोरी की थी. हम लोग उसे बहाने से उसे अपने साथ बाह तहसील में चंबल नदी के पास ले गए. यहां राशिद ने चोरी की बात कबूल की तो उसकी बुरी तरह से पिटाई की और फिर केबल के तार से उसका गला घोंट दिया. बाद में उसके शव को नदी में फेंक दिया था.
एसपी सिटी ने बताया कि हत्यारोपियों की निशानदेही से मृतक के जूते, टीशर्ट, आरोपी की टीशर्ट, हत्या में प्रयुक्त तार और मृतक के बाल व दो गाड़ियां बरामद हुई हैं.