आगरालीक्स… आगरा में त्योहारों पर पानी का भीषण संकट। बूंद-बूंद के लिए तरस रहे लोग। घरों की सफाई, नहाना-धोना भी प्रभावित। रातों में जागकर नलों में पानी का इंतजार।
पांच दिन में सिर्फ एक दिन 15 मिनट आया पानी
आगरा में करीब एक सप्ताह से पानी का संकट बना है। गंगाजल की आपूर्ति बंद होने से लोग पानी के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं। लोगों का कहना है कि पानी मंगलवार को एक बार 15 मिनट के लिए आया था लेकिन इसके बाद आपूर्ति नहीं हुई। लोग नलों पर पानी भरने के लिए बार-बार के लिए चक्कर लगा रहे हैं लेकिन पानी नहीं आने पर निराश होकर लौट जाते हैं। पुराने शहर में यह समस्या सबसे ज्यादा है।
पानी की कमी से जरूरी काम भी नहीं हो पा रहे

लोहामंडी खातीपाड़ा सुनीता सिंह राजपूत का कहना है कि नलों में पानी नहीं आने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जरूरी काम के लिए भी पानी नहीं मिला है। आज कई दिन बाद आज सुबह थोड़ा पानी आया था लेकिन परेशानी बनी हुई है।
समर वाले घरों से पानी मांग रहे हैं लोग

गोकुलपुरा खिन्नी गली निवासी सुंदर का कहना है कि कई दिनों से पानी नहीं आ रहा है। कई स्थानों पर भटकने के बाद जिन घरों में समर लगे हैं, वहां से नित्यक्रिया आदि के लिए पानी लेकर आना पड़ रहा है। उनका कहना है कि नमक मंडी, चित्तीखाना आदि में भी पानी की कमी से लोग परेशान हो रहे हैं।
विधायक निधि से सबमर्सिवल भी गायब
आगरा में कई स्थानों पर विधायक निधि से सबमर्सिवल पंप के साथ टंकी लगवाई गई थी लेकिन आगरा में जब से गंगा जल की आपूर्ति शुरू हुई तो यह सबमर्सिवल भी बंद हो गए हैं अथवा खराब हो गए हैं। कुछ स्थानों पर गलियों का निर्माण कार्य हुआ तो टंकी आदि हटाकर इन्हें बिलकुल साफ कर दिया गया है। गोकुलपुरा में डा. राजाराम व्यास गली में इसका उदाहरण है, जहां विधायक निधि से लगी टंकी गायब कर दी गई है।
जरूरी कार्यों को बाजार का पानी पड़ रहा है महंगा
जरूरी कार्यों के लिए लोगों को बाजार से आरओ का पानी खरीदना पड़ रहा है, जो नए ग्राहकों को 20 रुपये प्रति बोतल दिया जा रहा है।