आगरालीक्स…शॉकिंग, आगरा में ट्रेन के अंदर मिले 6 बच्चे. मानव तस्करी और बाल मजदूरी के लिए ले जाया जा रहा था इनको. दो मानव तस्कर दबोचे…
आगरा फोर्ट स्टेशन पर आरपीएफ ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. टीम ने साबरमती एक्सप्रेस में से छह बच्चों को बरामद किया है. इन बच्चों को मानव तस्करी और बाल मजदूरी के लिए गुजरात ले जाया जा रहा था. पुलिस ने दो मानव तस्करों को अरेस्ट किया है. पूछताछ में पता चला कि ये लोग बच्चां को 500 से 700 रुपये का लालच देकर मजदूरी के लिए जा रहे थे. दोनों मानव तस्करों के खिलाफ एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग में मुकदमा दर्ज किया गया है. मुक्त कराए गए सभी बच्चों को चाइल्ड लाइन की निगरानी में रखा गया है.साबरमती जनसाधारण एक्सप्रेस में मिले बच्चे
आरपीएफ की ओर से मानव तस्करी और बाल श्रम को रोकने के लिए आपरेशन आहट चलाया जा रहा है. 27 मार्च को आरपीएफ की ओर से इसी अभियान के तहत टूंडला से आगरा फोर्ट आई ट्रेन संख्या 15269 साबरमती जनसाधारण एक्सप्रेस में चेकिंग की जा रही थी. इसी दौरान टीम को जनरल कोच में दो अलग—अलग समूहों में छह नाबालिग बच्चे संदिग्ध अवस्था में बैठे मिले. टीम ने जब बच्चों से पूछताछ की तो उन्होंने चौंकाने वाली जानकारी दी. पता चला कि उन्हें मजदूरी कराने के लिए गुजरात ले जाया जा रहा है और इसके बदले ट्रेन में बैठने पर 500 से 700 रुपये प्रति बच्चा, टिकट का खर्च, रास्ते में खाने पीने के लिए पैसे दिए गए थे.
आरपीएफ ने बच्चों से मिली जानकारी के बाद उसी कोच में मौजूद दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया. पूछताछ में उन्होंने अपना नाम चूमन कुमार पुत्र सूरज सहानी निवासी बिहार और कमलेश्वर यादव निवासी बिहार बताया. इन्होंने बताया कि वो बच्चों को पैसों का लालच देकर गुजरात ले जा रहे थे जहां मजदूरी कराने की बात स्वीकार की. टीम ने इनको स्टेशन पर उतारकर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग थाने को सौंपा. दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. रेस्क्यू किए गएबच्चों को चाइल्ड लाइन आगरा की निगरानी में रखा गया है. रेस्क्यू किए गए बच्चों की उम्र 12 से 17 साल की है.