आगरालीक्स…आगरा में जन्माष्टमी पर छह बंदियों को मिली रिहाई. विजय कुमार और सुमित गोयल के प्रयास आर्थिक रूप से कमजोर बंदियों की हुई रिहाई
जीवन के विशेष अवसरों और पर्व-त्योहारों को समाजसेवा से जोड़ने की प्रेरणादायक पहल करते हुए विजय कुमार यादव, एडवोकेट एवं समाजसेवी तथा सुमित गोयल ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर जिला कारागार आगरा में बंद आर्थिक रूप से कमजोर छह बंदियों की मदद कर उन्हें नई जिंदगी की शुरुआत करने का अवसर प्रदान किया।
जिला कारागार प्रशासन के अनुसार, ये बंदी न्यायालय द्वारा अधिरोपित अर्थदंड की धनराशि जमा न कर पाने के कारण कारागार में निरुद्ध थे। विजय कुमार यादव और सुमित गोयल ने मानवता और सामाजिक सरोकार का परिचय देते हुए इन छह बंदियों का कुल 47,468 रुपये का अर्थदंड जमा कराया, जिसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूर्ण होने पर उनकी रिहाई संभव हो सकी।
रिहा होने वाले बंदियों में अमित कुमार, धर्मवीर, रूपकिशोर, मुकेश, ताहिर और सूरज शामिल हैं। आर्थिक तंगी के कारण अर्थदंड की धनराशि जमा नहीं कर पाने वाले इन बंदियों के लिए यह सहायता केवल आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि समाज की मुख्यधारा में वापस लौटने और एक नई शुरुआत करने का अवसर भी बनी।
विजय कुमार यादव द्वारा अपने जन्मदिवस, मैरिज एनिवर्सरी एवं अन्य विशेष अवसरों पर भी इस प्रकार के सामाजिक और मानवीय कार्य किए जाते रहे हैं। उनका प्रयास रहता है कि व्यक्तिगत खुशियों और विशेष दिनों को जरूरतमंदों की मदद से जोड़कर उन लोगों के जीवन में भी खुशियां पहुंचाई जाएं, जो आर्थिक अभाव के कारण कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं।
जेल अधीक्षक हरिओम शर्मा ने की पहल की सराहना
जेल अधीक्षक हरिओम शर्मा ने विजय कुमार यादव और सुमित गोयल द्वारा की गई इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर बंदियों की सहायता कर उनकी रिहाई में सहयोग करना एक अत्यंत सराहनीय और प्रेरणादायक कार्य है। उन्होंने दोनों समाजसेवियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आशा जताई कि भविष्य में भी उनका सहयोग बंदियों के कल्याण और पुनर्वास के लिए मिलता रहेगा।
उन्होंने कहा कि ऐसे सामाजिक प्रयास उन लोगों के लिए नई उम्मीद लेकर आते हैं, जो आर्थिक अभाव के कारण कठिन परिस्थितियों में फंस जाते हैं। समाज के सक्षम लोगों को जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए, जिससे अधिक से अधिक लोगों को राहत और जीवन में आगे बढ़ने का अवसर मिल सके। इस अवसर पर विजय कुमार यादव और सुमित गोयल के साथ कारागार प्रशासन की ओर से राजेश कुमार राय, जेलर, देवदर्शन सिंह, जेलर, अंजनी कुमार, उप जेलर, संदीप भास्कर, उप जेलर, मनोज कुमार शुक्ला, उप जेलर एवं रजनीश कुमार सिंह, उप जेलर सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।