आगरालीक्स…आगरा के एसएन अस्पताल में स्वतंत्रता संग्राम की अग्रणी नेता सरोजिनी नायडू को जयंती पर किया नमन.
सरोजिनी नायडू की जयंती के अवसर पर एस.एन. मेडिकल कॉलेज में श्रद्धापूर्वक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं डीन डॉ. प्रशांत गुप्ता ने सेंट्रल लाइब्रेरी स्थित सरोजिनी नायडू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि सरोजिनी नायडू भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की अग्रणी नेता, प्रख्यात कवयित्री एवं ओजस्वी वक्ता थीं। उन्हें “भारत कोकिला” के नाम से जाना जाता है। उन्होंने महिलाओं को स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया तथा स्वतंत्र भारत में उत्तर प्रदेश की पहली महिला राज्यपाल रहीं। कार्यक्रम के दौरान डॉ. अनुराग गुप्ता (एनेस्थेटिस्ट) ने अपने हाथों से टेराकोटा से निर्मित सरोजिनी नायडू की प्रतिमा उनकी जयंती के अवसर पर मेडिकल कॉलेज को भेंट की। कार्यक्रम में वरिष्ठ चिकित्सक एवं संकाय सदस्यगण— डॉ. रेनू अग्रवाल, डॉ. अंकुर गोयल, डॉ. मयंक अग्रवाल, डॉ. अनुराग गुप्ता, डॉ. प्रीति भारद्वाज सहित अन्य चिकित्सक, शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।