आगरालीक्स…आगरा में “कठपुतलियों के ठुमकों ने बिखेरी खुशियाँ”…रोटरी क्लब आगरा द्वारा सेंट अल्फोंसो संस्थान में विशेष बच्चों ने अपने अनोखे अंदाज से खुशियों से भरा माहौल्
किसी शायर ने खूब कहा है — “घर से मस्जिद है बहुत दूर चलो यूँ कर लें; किसी रोते हुए बच्चे को हँसाया जाए।” कुछ इसी भाव को साकार करते हुए रोटरी क्लब ऑफ आगरा द्वारा सेंट अल्फोंसो इंस्टीट्यूट, जो बौद्धिक रूप से विशेष बच्चों की संस्था है, में एक रंगारंग कठपुतली शो का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बच्चों के लिए मनोरंजन का अनोखा इंतज़ाम किया गया, जहाँ कठपुतलियों ने नागिन डांस, शाहरुख खान के लोकप्रिय गीतों और लकड़ी की काटी कटी पे घोड़ा जैसे गानों पर थिरक कर बच्चों को खूब गुदगुदाया। बच्चे हँसते-हँसते लोटपोट हो गए और पूरा माहौल उत्साह और खुशियों से भर गया।

कार्यक्रम की शुरुआत संस्था के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत ईश्वर वंदना और स्वागत गीत से हुई। इस अवसर पर क्लब की अध्यक्ष रोटेरियन नम्रता पणिकर ने संस्था की प्रमुख सिस्टर अल्फो मैथ्यू और समर्पित शिक्षकों का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने रोटरी क्लब को इन मासूम बच्चों की खुशियों में सहभागी बनने का अवसर प्रदान किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि रोटरी क्लब भविष्य में भी इन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए हरसंभव सहायता करता रहेगा। सिस्टर अल्फो मैथ्यू ने भी रोटरी क्लब के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम की जानकारी से बच्चे ही नहीं, बल्कि उनके अभिभावक भी अत्यंत प्रसन्न और उत्साहित थे। इस अवसर पर क्लब के पूर्व अध्यक्ष रोटेरियन राजेश जैन, निदेशक रोटेरियन कपूर, रोटेरियन इरा शर्मा एवं रोटेरियन मनोज आर. कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे।
