आगरालीक्स…आगरा में नये साल पर चर्चों में विशेष प्रार्थनाएँ. सेवा, प्रार्थना और मानवता के संकल्प के साथ हुआ नववर्ष का स्वागत
नववर्ष के पावन अवसर पर आगरा शहर के विभिन्न चर्चों में विशेष प्रार्थना सभाओं का आयोजन किया गया। वर्ष 2026 के आगमन पर प्रभु से शांति, प्रेम, भाईचारे एवं मानव कल्याण की कामना की गई। चर्च परिसरों में श्रद्धालुओं की उपस्थिति के बीच आध्यात्मिक वातावरण देखने को मिला। शहर के प्रमुख निष्कलंक माता महागिरजाघर (कैथेड्रल चर्च) में नववर्ष की विशेष महाप्रार्थना सम्पन्न हुई। इस अवसर पर महाधर्माध्यक्ष डॉ.राफ़ी मंजाली ने विशेष रूप से प्रार्थना कराई। उन्होंने बाइबिल से पाठ का वाचन किया तथा उसके भावार्थ को उपस्थित श्रद्धालुओं को सरल शब्दों में समझाया।
महाधर्माध्यक्ष डॉ.मंजाली ने अपने संदेश में कहा कि नववर्ष केवल उत्सव का नहीं, बल्कि आत्मचिंतन, प्रार्थना और सेवा का समय है। हमें नए वर्ष में अधिक से अधिक प्रार्थना करनी चाहिए, ज़रूरतमंदों की सहायता करनी चाहिए और समाज में प्रेम व एकता का संदेश फैलाना चाहिए। इस पावन अवसर पर कैथेड्रल चर्च के पल्ली पुरोहित फादर राजन दास, फादर शाजी एवं फादर एल्विन भी उपस्थित रहे। सभी पुरोहितों ने मिलकर नववर्ष के लिए शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की।
प्रतापपुरा स्थित सेंट मैरी चर्च में भी नववर्ष के उपलक्ष्य में विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। यहां पल्ली पुरोहित फादर जोसेफ डाबरे ने उपस्थित श्रद्धालुओं को नववर्ष की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि नया वर्ष सभी के जीवन में आशा, विश्वास और नई ऊर्जा लेकर आए, यही प्रभु से प्रार्थना है।इस अवसर पर क्रिश्चियन समाज सेवा सोसाइटी के अध्यक्ष डेनिस सिलवेरा ने आगरा शहर के समस्त नागरिकों को नववर्ष की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि नववर्ष हमें आपसी भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। क्रिश्चियन समाज सेवा सोसाइटी सदैव समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
नववर्ष के अवसर पर चर्चों में प्रार्थना के साथ-साथ लोगों में उत्साह, उल्लास और सकारात्मकता का माहौल देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को गले लगाकर नववर्ष की शुभकामनाएँ दीं और बेहतर भविष्य की कामना की।