आगरालीक्स…आगरा में 18 वर्ष के युवा मतदाता, सीनियर मतदाताओं, दिव्यांग और ट्रांसजेंडर मतदाताओं को किया जाएगा सम्मानित. नेशनल वोटर्स डे पर आगरा में होंगी कई एक्टिविटीज
अपर जिलाधिकारी (वि/रा) यशवर्धन श्रीवास्तव की अध्यक्षता में 25 जनवरी 2023 को 13वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के तैयारियों के संबंध में विभिन्न बिंदुओं पर कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में अपर जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देशानुसार जनपद में 13वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पूरे उत्साह के साथ आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर प्रत्येक बूथ, ब्लॉक मुख्यालय, तहसील व जिला मुख्यालय तथा सभी कार्यालयों पर अपरान्ह् 01 बजे मतदाता शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा तथा मतदाता जागरूकता हेतु पेंटिंग, पोस्टर, बैनर, बैज, प्रभात फेरी के माध्यम से मतदान के प्रति जागरूक किया जाएगा।

राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर नए मतदाताओं को फोटो पहचानपत्र के साथ चुनाव आयोग द्वारा पूर्व निर्धारित बैज (लोगो के साथ) दिया जाएगा, उक्त अवसर पर वरिष्ठ मतदाताओं, दिव्यांग व 18 वर्ष युवा मतदाता तथा ट्रांस जेण्डर मतदाताओं को सम्मानित किया जाएगा। सभी स्कूल/कालेज/ महाविद्यालयों में विभिन्न प्रतियोगिताएं, स्पोर्ट एक्टिविटी व सांस्कृतिक कार्यक्रमों द्वारा मतदान का महत्व व मतदान हेतु प्रोत्साहन करने के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बैठक में अपर जिलाधिकारी महोदय द्वारा संबंधित विभागों को सभी तैयारियां ससमय पूर्ण कर मतदाता दिवस को भव्य रूप से मनाए जाने के दिशा निर्देश दिए।
बैठक में एसीएम व नोडल अधिकारी स्वीप संजीव शाक्य, उपजिला मजिस्ट्रेट किरावली अनुज नेहरा, उपजिला मजिस्ट्रेट एत्मादपुर अभय सिंह, सहायक निर्वाचन अधिकारी श्री भारत सिंह, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी श्री सिद्धांत शर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारगण मौजूद रहे।