आगरालीक्स…आगरा में चीनी 65 से 70 रुपये किलो. पेठा भी 20 से 30 रुपये किलो हुआ महंगा. बताशे, इलायची दाने के भी दाम बढ़े…सीएम योगी बोले—चीनी की जमाखोरी की तो खैर नहीं, सभी जिलों के डीएम कराएं गोदामों का सत्यापन
त्योहार से पहले ही महंगाई ने लोगों के होश उड़ा दिए हैं. लोगों की रसोई का बजट पूरी तरह से बिगड़ गया है. सबसे ज्यादा तो चीनी के दाम लोगों को चौंका रहे हैं. 21 दिन पहले चीनी के दाम 46 रुपये किलो थे लेकिन अब वो इस समय 65 से 70 रुपये किलो हो गए हैं. आगरा में शनिवार को चीनी के थोक रेट 64.5 रुपये प्रति किलो रहा वहीं रिटेल में चीनी 65 से 67 रुपये किलो तक बिक रही है.चीनी के बढ़ते दामों ने बाजार में हलचल मचा दी है. कारोबारी भी भाव चढ़ने के इस तरीके से हैरत में है और सरकारी दखल की मांग कर रहे हैं. आगरा में कारोबारी मोहित का कहना है कि पिछले तीन सप्ताह में हर दूसरे दिन दाम बढ़े हैं. एक अगस्त को चीनी के दाम पहली बार थोक में चार से पांच रुपये बढ़े थे तब थोक भाव 49 रुपये और फुटकर में 50रुपये प्रति किलो चीनी था लेकिन 17 अगस्त को सोमवार को भाव में तेजी आई है.
पेठा भी 20 से 30 रुपये किलो हुआ महंगा
चीनी के बढ़ते दामों का असर शहर का प्रमुख उद्योग पेठा पर भी पड़ा है. गोकुल पेठा स्टोर के संचालक तुषार गोयल का कहना है कि सादा पेठा से लेकर अन्य वैरायटियों में आने वाले पेठे के दामों में 20 से 30 रुपये किलो की बढ़ोतरी हुई है. आगरा से भारी मात्रा में पेठा अन्य जनपदों व राज्यों में निर्यात भी होता है लेकिन दाम बढ़ने से इस कारोबार पर भी असर हुआ है. पेठा नही नहीं बल्कि बताशे, इलायची दाने, खांड आदि भी महंगा हुआ है.
सीएम योगी ने दिए सख्त आदेश
चीनी के बढ़ते दामों के बीच चीनी की उपलब्धता को लेकर सीएम योगी ने शनिवार को समीक्षा की. उन्होंने प्रदेशवासियों को आश्वस्त किया कि राज्य में चीनी की पर्याप्त उपलब्धता है और आमजन को परेशान होने की जरूरत नहीं है. सीएम ने कहा कि चीनी की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए. जरूरत पड़ने पर चीनी मिलों का संचालन 15 अक्टूबर से शुरू करने के भी निर्देश दिए हैं. सीएम योगी को समीक्षा बैठक् में बताया गया कि प्रदेश की चीनी मिलों में कुल 179.38 लाख कुंतल चीनी उपलब्ध है. इसमें सहकारी चीनी मिलों में 23.60 लाख कुंतल, निगम की चीनी मिलों में 5.28 लाख कुंतल और निजी चीनी मिलों में 150.50 लाख कुंतल चीनी का भंडार है.
