आगरालीक्स…Agra News: आगरा में छात्रों को टैबलेट वितरित किए जा रहे हैं।
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में टैबलेट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें संस्थान से इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे 231 छात्रों को टैबलेट प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो. आशु रानी, विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह, निदेशक प्रो. मनुप्रताप सिंह ने किया। कुलपति प्रो. आशु रानी ने कहा कि यह टैबलेट वितरण समारोह न केवल हमारे छात्रों को तकनीकी संसाधनों से जोड़ता है, बल्कि उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में भी मदद करता है। मुख्य अतिथि डॉ. धर्मपाल सिंह ने कहा कि यह योजना न केवल शिक्षा के क्षेत्र में क्रांति लाएगी, बल्कि युवाओं को आत्मनिर्भर और तकनीकी रूप से सक्षम बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे इन टैबलेट्स का उपयोग अपनी पढ़ाई को और बेहतर बनाने के लिए करें और देश के विकास में योगदान दें। प्रो. मनुप्रताप ने कहा कि टैबलेट वितरण का मुख्य उद्देश्य छात्रों को ऑनलाइन शिक्षा, तकनीकी संसाधनों और आधुनिक शिक्षण विधियों तक पहुंच प्रदान करना है, ताकि वे वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार हो सकें। संस्थान की प्रगति आख्या प्रशासनिक अधिकारी शिवानी गुप्ता ने प्रस्तुत की। टैबलेट वितरण योजना को सुचारू रूप से लागू करने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले संस्थान के हिमांशु को सम्मानित किया गया। इस मौके पर इंजी. अंकिता माहेश्वरी, डॉ. रेखा शर्मा, डॉ. शालिनी शर्मा, डॉ. राजेश लवानिया, इंजी. अजय यादव, इंजी. चन्दन कुमार, डॉ. मुकेश बघेल, ऐबरन सिंह, मनीष कुमार, अभिषेक त्रिवेदी, हेमंत सिंह परिहार और डॉ. संगीता मौजूद रहीं।