आगरालीक्स…आगरा में एक्सीडेंट में घायल को गोल्डेन आवर में अस्पताल पहुंचाएं और 25 हजार का इनाम पाएं. न पहचान सामने आएगी और न पुलिस पूछताछ होगी…डीएम का ऐलान
जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा जी की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति व जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक में विगत बैठक के कार्यवृत्त के अनुपालन आख्या तलब की तथा जनपद में हुई सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा की गई।हर साल बढ़ रही एक्सीडेंट में मौतें
जिसमें बताया गया कि तुलनात्मक रूप से माह जनवरी 2024 से जून 2024 तक 331 तथा जनवरी 2025 से जून 2025 तक 397 मृतकों की संख्या रही है, जिसमें एक्सप्रेस-वे पर 16, नेशनल हाइवे पर 94 मृत्यु, स्टेट हाइवे पर 23 मृत्यु, एमडीआर पर- 38 तथा ओडीआर पर 205 मृत्यु सर्वाधिक, वीआर पर 21 कुल 397 मृतकों की संख्या रही। बैठक में बताया गया कि डेवलेपमेंट एंड इंप्लीमेंटेशन ऑफ इंटीग्रेटेड रोड एक्सीडेंट डाटाबेस(आईआरएडी) के अनुसार जनपद में माह जून में 114 एक्सीडेंट की घटनाएं दर्ज की गई।
बैठक में बताया गया कि उ0प्र0 सरकार द्वारा शासनादेश दिया गया है कि कोई भी व्यक्ति सड़क दुर्घटना के समय घायलों को गोल्डेन आवर में अस्पताल पहुंचाने, मदद करने पर उस व्यक्ति को रू0 25 हजार का ईनाम दिया जायेगा, सम्बन्धित की पहचान गुप्त रखी जायेगी तथा पुलिस द्वारा उससे कोई भी अनावश्यक पूछताछ नहीं की जायेगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रो0) प्रशान्त तिवारी, आरएम रोडवेज बीपी अग्रवाल,एआरटीओ प्रवर्तन आलोक अग्रवाल, अपर नगर आयुक्त शिशिर सिंह, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी राघवेन्द्र सिंह वर्मा, बीएसए जितेन्द्र कुमार गौड़,सहित एनएचएआई तथा विद्यालयों के प्रबन्ध समिति के प्रधानाचार्य आदि मौजूद रहे।