आगरालीक्स…आगरा में 49 लाख से अधिक पौधे रोपे जाएंगे. आगरा की इस बड़ी मार्केट एरिया में सबसे अधिक पौधे रोपने के निर्देश…
मुख्य विकास अधिकारी ए. मनिकण्डन की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जिला वृक्षारोपण समिति एवं जिला पर्यावरण समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में प्रभागीय निदेशक, सामाजिक वानिकी प्रभाग, आगरा आदर्श कुमार द्वारा बताया गया कि उत्तर प्रदेश में वृहद वृक्षारोपण-2023 के अन्तर्गत 35 करोड़ पौधों का पौधारोपण किया जायेगा, जिसके तहत आगरा जनपद में कुल 4903560 पौधारोपण का लक्ष्य आवंटित किया गया है, जिसमें वन विभाग द्वारा 1251500 पौधे एवं अन्य विभागों द्वारा 3652060 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। वर्षाकाल 2023 के लिए वन विभाग की नर्सरियों में विभिन्न प्रजातियों के पर्याप्त मात्रा में कुल 5737620 पौध उपलब्ध हैं। बैठक में वन विभाग की सभी 09 रेंजों में 24 नर्सरियों में उपलब्ध पौध और पौधशाला प्रभारी का नाम व मोबाइल नम्बर भी इंगित कर दिया गया है।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने ग्राम्य विकास विभाग के 20 लाख पौधारोपण लक्ष्य के लिए मियाँबाकी पद्धति का प्रयोग कर वृक्षारोपण को कराने के निर्देश दिये। उन्होंने प्रत्येक ब्लाक में आवश्यक भूमि तत्काल चिन्हित करने के निर्देश दिये। प्रभागीय निदेशक आदर्श कुमार ने मियाँबाकी पद्धति से वृक्षारोपण किये जाने की विस्तृत जानकारी दी। सभी विभागों को आवंटित लक्ष्य के सापेक्ष स्थल चयन, एवं गड्ढा खुदान की प्रगति रिपोर्ट 20 जून तक सामाजिक वानिकी प्रभाग, आगरा के कार्यालय में उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। नगर निगम को शहरी क्षेत्र में विशेषकर संजय प्लेस में अधिक संख्या में वृक्षारोपण हेतु निर्देशित किया।
बैठक में रतनवर्मा, एसडीएम एत्मादपुर नीरज शर्मा, एसीएम- द्वितीय, एके गुप्ता, अधिशासी अभियन्ता, पीडब्ल्यूडी, पूजा गुप्ता, एसडीएम खैरागढ़, रामयाण सिंह यादव, उपायुक्त (श्रम एवं रोजगार), एके मिश्र, उप प्रभागीय वनाधिकारी, आगरा/ फतेहाबाद, केसी जैन, पर्यावरणविद् आदि उपस्थित थे।