आगरालीक्स …आगरा में नहर, रास्ते, खेल के मैदान पर कब्जा करने पर राधा स्वामी सत्संग सभा के अध्यक्ष सहित तीन को भू माफिया घोषित करने की संस्तुति,
रास्तों पर गेट और बाउंड्रीवाल बनाकर कब्जा करने के आरोप में थाना न्यू आगरा में राधा स्वामी सत्संग सभा के पदाधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो चुका है।
आगरा में दयालबाग क्षेत्र में राधा स्वामी सत्संग सभा पर सरकारी और ग्रामीणों की जमीन पर कब्जा करने के आरोप लगे हैं, इस मामले में डीएम भानु चंद्र गोस्वामी ने जांच कराई। जांच के बाद थाना न्यू आगरा में राधा स्वामी सत्संग सभा के अध्यक्ष गुरु प्रसाद, उपाध्यक्ष प्रेम प्रकाश श्रीवास्तव और अनूप श्रीवास्तव पर मुकदमा दर्ज किया गया। साथ ही सात दिन में जमीन से कब्जा हटाने का अल्टीमेटम दिया गया।
तहसील स्तर की समिति में भू माफिया घोषित करने की संस्तुति
इस मामले में तहसील स्तर की समिति की शनिवार को एंटी भू माफिया समिति की बैठक हुई। इसमें राधा स्वामी सत्संग सभा के अध्यक्ष गुरु प्रसाद, उपाध्यक्ष प्रेम प्रकाश श्रीवास्तव और अनूप श्रीवास्तव को भू माफिया घोषित करने की संस्तुति की है। इस पर अब जिला स्तरीय एंटी भू माफिया में निर्णय लिया जाएगा।
यमुना के डूब क्षेत्र में निर्माण से बढ़ा मामला
राधा स्वामी सत्संग सभा द्वारा अगस्त में दयालबाग के पोइया घाट पर डूब क्षेत्र में निर्माण शुरू कर दिया था, कटीले तार लगा दिए थे। प्रशासन ने काम रोकने के निर्देश दिए, इसके बाद ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया। इस तरह मामला बढ़ता चला गया।