आगरालीक्स…आगरा में गर्मी के तेवर नहीं हो रहे कम. आज भी 45 डिग्री सेल्सियस रहा तापमान. मौसम विभाग से आई एक अच्छी संभावना….पढ़ें पूरी खबर
आगरा में गर्मी के तेवर कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं. दोपहर के समय आसमान से मानो आग बरस रही हो. आगरा में तापमान लगातार 45 डिग्री सेल्सियस के करीब बना हुआ है. सुबह से ही सूरज की तेज किरणें तपिश बिखेरना शुरू कर देती हैं. दोपहर में तो हालत और ज्यादा खराब हो रही है. लोग ठंडे पेय पदार्थों की ओर ज्यादा दिखाई देते हैं. गर्मी का प्रभाव दिन में ही नहीं बल्कि अब तो रात में भी दिखाई दे रहा है. शाम होने के बाद धूप भले ही न होती हो लेकिन उसकी तपिश रात को 12 बजे तक महसूस की जा रही है. यही कारण है कि रात के तापमान में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है .

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 44.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा तो वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक 29.4 डिग्री सेल्सियस रहा.
बारिश की संभावना
आगरा में भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने बारिश की संभावना जताई है. मौसम विभाग के अनुसार 24 मई को आगरा में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. इसके कारण तापमान में भी कमी आएगी.