आगरालीक्स…आगरा में हरियाली तीज पर हरित हिंडोले में विराजे ठाकुर श्याम बिहारी जी. नाई की मंडी स्थित प्राचीन पुष्टिमार्गीय श्री प्रेमनिधि जी मंदिर में हरियाली तीज मनोरथ का भव्य आयोजन
श्रावण शुक्ल तृतीया पर पुष्टिमार्गीय परंपरा के अनुसार नाई की मंडी स्थित प्राचीन श्री प्रेमनिधि जी मंदिर में हरियाली तीज मनोरथ हर्षोल्लास से मनाया गया। इस पावन अवसर पर ठाकुर श्याम बिहारी जी को हरित वस्त्रों एवं पुष्पों से सजे भव्य हिंडोले में विराजमान किया गया। भक्तों ने प्रेमपूर्वक भगवान को झूला झुलाया और भक्ति रस में डूबे भजन-कीर्तन में भाग लिया।मंदिर परिसर को हरे-भरे पुष्पों, तोरण और बंदनवार से भव्य रूप से सजाया गया। फूलों के मंडप में विराजमान ठाकुर जी का दर्शन कर श्रद्धालु अभिभूत हो उठे। मुख्य सेवायत हरिमोहन गोस्वामी एवं सुनीत गोस्वामी ने बताया कि हरियाली तीज को पुष्टिमार्ग में “ठकुरानी तीज” कहा जाता है, जो राधा रानी और श्री कृष्ण के मिलन और प्रेम का प्रतीक है। यह उत्सव प्रकृति, भक्ति और सौंदर्य का संगम प्रस्तुत करता है। उन्होंने बताया कि यह उत्सव केवल परंपरा नहीं, बल्कि ठाकुर जी के प्रति प्रेम और समर्पण को जीवंत करने का एक माध्यम है।