आगरालीक्स…आगरा के भाजपा ब्रज क्षेत्र कार्यालय प्रभारी संजीव भारद्वाज का शव आगरा पहुंचा, ब्रज क्षेत्र कार्यालय पर अंतिम दर्शनों के लिए रखा गया…
आगरा के ब्रज क्षेत्र कार्यालय प्रभारी संजीव भारद्वाज, पार्षद विजय वर्मा सहित सात लोगों के साथ महाकालेश्वर मंदिर, उज्जैन में दर्शन करने के लिए गए थे। वहां से शनिवार रात में कार से आगरा के लिए लौट रहे थे। सुबह मध्य प्रदेश के गुना के पास कार का टायर फट गया, इससे कार अनियंत्रित होकर पलट गई।। भीषण हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को बाहर निकाला।
ब्रज क्षेत्र कार्यालय प्रभारी की मौत (BJP Braj Kshetra office incharge Sanjeev Bhardwaj )
हादसे में भाजपा ब्रज क्षेत्र कार्यालय प्रभारी संजीव भारद्वाज की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कार सवार मुकुल, विकास, पुष्पेंद्र यादव, सरवन कश्यप, शैलेंद्र जाट और पार्षद विजय वर्मा घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शाम को इनका शव आगरा आ गया है। शाम सात बजे से इनका शव ब्रज क्षेत्र कार्यालय में अंतिम दर्शनों के लिए रखा जाएगा। भाजपाइयों में शोक की लहर है।
भाजपा ब्रज क्षेत्र कार्यालय प्रभारी संजीव भारद्वाज मूल रूप से बरेली के रहने वाले हैं लेकिन एबीवीपी के बाद भाजपा के लिए उन्होंने सबसे ज्यादा आगरा में रहकर काम किया। उनके सभी से अच्छे संबंध थे और व्यावहारिक थे, उनके निधन से शोक है। एबीवीपी और उसके बाद भाजपा से जुड़ने के बाद संजीव भारद्वाज ने संगठन के लिए पूरी मेहनत के साथ कार्य किया।