आगरालीक्स…पति साथ रहे या नहीं, मैं अपने शौक को नहीं छोड़ सकती. पति बोला—पत्नी ने कर्जदार बना दिया है…आगरा में पति—पत्नी के विवाद की वजह बना ये शौक
आगरा में पति—पत्नी के बीच विवाद इतना बढ़ा कि मामला पुलिस और फिर बाद में काउसंलिंग तक पहुंच गया. लाख समझाने के बाद भी पति—पत्नी में समझौता नहीं हुआ. पत्नी का कहना है कि पति साथ रहे या न रहे, लेकिन वह अपने शौक नहीं छोड़ सकती. वहीं पति का कहना है कि पत्नी के शौक से वह परेशान है, इससे वह कर्जदार हो गया है.
जगदीशपुरा की रहने वाली युवती की शादी सदर के सेवला में रहने वाले युवक के साथ 2020 में हुई थी. पति जूता कारीगर है. दोनों के बीच विवाद का मामला परिवार परामर्श केंद्र पहुंचा. काउंसलर डॉ. सतीश खिरवार ने दोनों की काउंसलिंग की. पति का आरोप है कि मना करने के बावजूद पत्नी ने अपने पिता से रुपये लेकर मायके में ही मकान बनवा लिया है. वह दिनभर गुटखा खाकर बुलेट पर घूमती रहती है. रिश्तेदारों के यहां भी बुलेट से ही जाती है. पत्नी के इन दो शौक से वह कर्जदार हो गया है. अब पत्नी मायके में रहने का दबाव बना रही है लेकिन वह माता—पिता को अकेले छोड़कर पत्नी के साथ नहीं रह सकता.
वहीं पत्नी का कहना है कि शादी से पहले ही वह गुटखा खाती थी और बुलेट चलाती थी. पति को इसकी पूरी जानकारी है लेकिन अब वह विरोध कर रहा है. वह अपने शौक नहीं छोड़ेगी. मायके में अपना मकान बनवाया है, उसमें कोई गलती नहीं की है. पति साथ नहीं या नहीं वह अपने शौक नहीं छोड़ सकती.