आगरालीक्स…आगरा के कलक्ट्रेट स्थित एसएसपी कार्यालय के बाहर पहुंची एक युवती. बैग से निकाली बोतल और ज्वलनशील पदार्थ खुद पर उड़ेल लिया….जानें क्या हैं पूरा मामला
आगरा में सोमवार करीब 12 बजे कलक्ट्रेट में एसएसपी आफिस के सामने हड़कंप मच गया. यहां पहुंची एक युवती ने अपने बैग से ज्वलनशील पदार्थ की बोतल निकालकर खुद के ऊपर उड़ेल ली. लेकिन वहां मौजूद महिला पुलिसकर्मियों ने उसे देख लिया और तत्काल उसे पकड़ लिया. पुलिस ने उसे जीप में बैठाया और मुख्यालय से बाहर ले गए. पुलिस युवती को मानसिक रूप से बीमार बता रही है. पर युवती छेड़छाड़ के मामले में कार्रवाई न होने के कारण ऐसा कदम उठाने की बात कह रही है.

ये है पूरा मामला
सोमवार करीब 12 बजे एक युवती कलक्ट्रेट में एसएसपी आफिस के सामने आई और अपने बैग में रखी एक बोतल को बाहर निकाला जिसमें ज्वलनशील पदार्थ था. उसने बोतल खोलकर अपने ऊपर उड़ेलना चाहा लेकिन तभी वहां मौजूद महिला पुलिसकर्मियों की नजर उस पर पड़ गई. उन्होंने तुरंत ही युवती को पकड़ लिया और उसके हाथ से बोतल को छीन लिया. पुलिस उसे जीप में बैठाकर मुख्यालय से बाहर ले गई. युवती छेड़छाड़ के मामले में सुनवाई न होने से नाराज थी. युवती का आरोप है कि चंद्रभान नामक युवक ने उसके साथ गलत करने का प्रयास किया था लेकिन शिकायत के बाद भी पुलिस ने इस पर कोई कार्रवाई नहीं की. वहीं इस मामले में एसओ हरीपर्वत ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. महिला के मानिकस रूप से बीमार होने की बात भी सामने आ रही है. उसे मेडिकल के लिए ले जाया गया है.
पहले से मालूम थी जानकारी
इस मामले में एसपी सिटी ने मीडिया को दी जानकारी में बताया कि युवती ने पहले से आत्मदाह की सूचना दी थी इस कारण पुलिस पहले से तैयार थी. युवती के पहले आरोपी से नजदीकी थी और उनकी शादी की बातचीत चल रही थी. बाद में झगड़ा हुआ और तब मुकदमा दर्ज कराया गया है. युवती को अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया है. इस मामले में जल्द जांच कर कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं.