आगरालीक्स…आगरा में कोचिंग की आड़ में चल रहा था रैकेट. कोचिंग संचालक सहित तीन अरेस्ट. प्रतियोगी परीक्षाओं में करते थे ये काम…
आगरा में कोचिंग की आड़ में युवकों के भविष्य के साथ खिलवाड़ और धोखाधड़ी की वारदात करने वाले गैंग का आज पुलिस ने पर्दाफाश किया है. पुलिस ने गैंग के तीन सदस्यों को अरेस्ट किया है. ये लोग आगरा और आसपास के जनपदों में युवाओं को गुमराह कर प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता की गारंटी देकर उनसे मोटी रकम वसूल करते थे. थाना हरीपर्वत पुलिस और सर्विलासं टीम ने संयुक्त् रूप से इस गैंग को पकड़ा है.
डीसीपी सिटी सूरज राय ने बताया कि यह गैंग प्रतियोगी परीक्षाओं में बैठने वाले युवाओं से पैसे लेकर उनकी जगह सॉल्वर गैंग के सदस्य को बैठाकर परीक्षा दिलाते थे. जिन तीन सदस्यों को अरेस्ट किया गया है उनमें कोचिंग संचालक भी है. पुलिस ने इनके पास से पोस्ट एडमिट कार्ड और पोस्ट आधार कार्ड बरामद किए हैं. पकड़ा गया कोचिंग संचालक अभ्यर्थियों से संपर्क कर उन्हें प्रलोभन दिया करता था और फिर गैंग का दूसरा सदस्य सॉल्वर गैंग के लोगों से संपर्क में रहता था.
ऐसे करते थे काम
डीसीपी सिटी सूरज राय ने बताया कि किसी भी परीक्षा से पहले दो दिन के लिए संबधित परीक्षा की विंडो खुलती है. इसके माध्यम से अभ्यर्थी किसी भी तरीके से संशोधन कर सकते हैं. अगर किसी अभ्यर्थी से परीक्षा फार्म भरने में कोई त्रुटि रह जाती थी तो वह इसके जरिए सही कर सकते हैं. लेकिन यह गैंग दो दिन पहले खुलने वाली इसी विंटो का अनुचित लाभ लिया करता था. गिरोह के सदस्य अभ्यर्थियों के फोटो हटाकर सॉल्वर गैंग के सदस्यों के फोटो लगा दिया करते थे. उसके बाद किसी भी परीक्षा में अभ्यर्थी की जगह सॉल्वर गैंग के सदस्य से परीक्षा दिलाते थे.
डीसीपी ने बताया कि इस बड़े गिरोह का खुलासा करने वाली हरीपर्वत पुलिस और सर्विलांस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया है.