आगरालीक्स…आगरा में रील बनाने के लिए युवक ने की तमंचे से फायरिंग. ‘ब्रांडेड बदमाश’ पर किया अपलोड. वीडियो ऐसा बना कि युवक पहुंच गया जेल
जमाना सोशल मीडिया का है. लाइक्स और कमेंट्स के लिए युवा अब खतरों से भी खेल रहे हैं. कभी रेलवे ट्रैक पर वीडियो बनाया जा रहा है तो कभी हाइवे पर. कभी पिस्टल हाथ में लेकर डांस किया जा रहा है तो कभी पिस्टल से फायरिंग. रील्स बनाने के लिए आजकल के युवा हद से आगे भी गुजर रहे हैं, लेकिन कभी—कभी उनकी ये हरकत पुलिस को अच्छी नहीं लगती और कार्रवाई की जाती है.

कुछ ऐसा ही मामला आया है आगरा में. रील बनाने के शौक में एक युवक को जेल भेजा गया है. सोमवार को एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें युवक वाटर वर्क्स के पास अवैध तमंचे से फायरिंग करता दिख रहा था. इस वीडियो को उसने अपने इंस्टाग्राम एकाउंट ‘ब्रांडेड बदमाश’ पर अपलोड कर दिया जो कि देखते ही देखते वायरल हो गया. इतना वायरल हुआ कि पुलिस तक पहुंच गया और फिर जांच शुरू हो गई. कुछ ही घंटे में पुलिस ने युवक को खाटू श्याम मंदिर के पास से अरेस्ट कर लिया. युवक का नाम विशाल बताया गया है और वह जीवनी मंडी छत्ता का रहने वाला है. पुलिस ने इसकी निशानदेही पर तमंचा भी बरामद कर लिया है. आरोपी के खिलाफ थाना छत्ता में मुकदमा दर्ज किया गया है.