आगरालीक्स…आगरा में यमुना बैराज की जल्द मिलेगी खुशखबरी. सदर स्थित जोंस लाइब्रेरी का ये होगा नया नाम. बजीरपुरा से मंडी सईद खां वाले मार्ग पर जाम को खत्म् करने के लिए ये रखा प्रस्ताव
नगर निगम सदर में आज कई प्रस्तावों को भी पास किया गया वहीं यमुना बैराज को लेकर भी आश्वासन मिला है। नगर आयुक्त ने इस पर बताया कि नगर निगम साठ पार्कों का जीर्णोद्धार करा चुका है। उन्होंने सभी पार्षदों से अपील की कि वे अपने -अपने क्षेत्रों के पार्कों की सूची बनाकर उन्हें उपलब्ध कराएं। पार्षद अनुराग चतुर्वेदी, प्रकाश केशवानी, अजय गोस्वामी, भरत शर्मा, प्रेमदास और अनुज शर्मा आदि के उस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया जिसमें यमुना नदी पर बैराज बनाने की मांग की गयी। महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने इस संबंध में बताया कि इसका प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा जाएगा। इस पर विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कहा कि ये खुशखबरी भी जल्द नगर वासियों को मिलेगी।
जोंस लाइब्रेरी का नाम बदलने के लिए कमेटी के पास गया प्रस्ताव
पालीवाल पार्क स्थित जौन्स पब्लिक लाइब्रेरी अब लोकतंत्र सेनानी अधीश पुस्तकालय के नाम से जानी जाएगी। नगर निगम सदन ने शुक्रवार को इस आशय का प्रस्ताव पारित कर दिया। प्रस्ताव पास कर ऐसे मामलों पर अंतिम फैसला लेने वाली नगर निगम की कमेटी के पास भेज दिया गया है।इस प्रस्ताव के प्रेरक विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल थे। इसे अंजाम तक पहुंचाने के लिए विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल खुद भी नगर निगम के अधिवेशन में शरीक हुए। नगर निगम सदन में यह प्रस्ताव पार्षद भरत शर्मा, प्रेमदास और ऋषभ गुप्ता ने पेश किया। इसे पास कर दिया गया। नगर निगम ने नाम बदलने के मामलों पर विचार के लिए एक कमेटी भी बना रखी है। प्रस्ताव पास होने के बाद इसे इसी कमेटी के पास भेजने का आदेश मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने दिया।
पालीवाल पार्क बजीरपुरा से मंडी सईद खां वाले मार्ग पर प्रमुख स्कूलों के कारण छुट्टी के समय लगने वाले जाम से निजात के लिए पार्षद हेमंत प्रजापति ने फुटओवर ब्रिज की जरुरत बताई। उन्होंने कहा कि इन स्कूलों के पास पर्याप्त स्थान होने के बावजूद वाहनों को बाहर सड़क किनारे खड़ा कराया जाता है। इस पर विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने स्कूलों के भीतर गाड़ियां पार्क कराने पर जोर दिया। महापौर ने अधिकारियों से इस संबंध में सर्वे कर दो दिन रिपोर्ट देने को कहा। इस दौरान पूरक प्रस्तावों पर भी चर्चा की गयी। पार्षद मोहम्मद सोहेल कुरैशी ने बंद पड़ी पशु वधशाला को चालू करने की मांग करते हुए हुए कहा कि इसके बंद होने से नगर निगम को 140 करोड़ की आय से हाथ धोना पड़ रहा है। इस पर मेयर ने इस मामले में प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजने का आश्वासन दिया। बैठक का संचालन अपर नगर आयुक्त सत्येंद्र तिवारी ने किया। इस अवसर पर नगर निगम से सभी विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।