आगरालीक्स…आगरा में डॉ. एमपीएस वर्ल्ड स्कूल में मनाई गई तीर्थंकर महावीर स्वामी की जयंती. विशेष प्रार्थना सभा के साथ तीर्थंकर महावीर के सिद्धांतों को दर्शाया
डॉ० एमपीएस वर्ल्ड स्कूल में तीर्थंकर महावीर स्वामी की जयंती के अवसर पर विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। नवकार मंत्र के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिसमें विद्यार्थियों ने जैन धर्म की महिमा का बखान किया। विद्यार्थियों ने तीर्थंकर महावीर के सिद्धांतों को दर्शाते हुए गीत, नाटक, भाषण और नृत्य प्रस्तुत किए।
विद्यालय के अध्यक्ष स्क्वाड्रन लीडर ए.के.सिंह ने कहा कि हम सभी को तीर्थंकर महावीर स्वामी के जीवन और उनके आदर्शों से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने हमें सबसे महत्वपूर्ण बात सिखाई- अहिंसा। इसका अभिप्राय है कि हम किसी को भी अपने शब्दों, व्यवहार या मन से दुख न पहुँचाएँ। उन्होंने हमें सत्य बोलना, ईमानदारी से जीवन जीना और सभी जीवों के प्रति दया और करुणा रखना सिखाया। वास्तव में महावीर स्वामी के बताए रास्ते पर चलना ही उनकी सच्ची जयंती मनाना है। आप आपस में लड़ाई न करें, एक-दूसरे की मदद करें, अपने माता-पिता और गुरुजनों का सम्मान करें। तब आप महावीर स्वामी के सच्चे अनुयायी बनते हैं।
विद्यालय की प्रधानाचार्या राखी जैन ने कहा कि तीर्थंकर महावीर स्वामी ने हमें सिखाया — जियो और जीने दो। यानी सभी के प्रति प्रेम, करुणा और सहनशीलता रखना। उन्होंने कभी किसी को चोट नहीं पहुँचाई। न मन से, न वचन से और न कर्म से। आज के समय में जब हम छोटी-छोटी बातों पर नाराज़ हो जाते हैं या दूसरों को दुःख पहुँचा देते हैं, ऐसे में महावीर स्वामी की ये सीख और भी जरूरी हो जाती है। बच्चों, आप सब देश का भविष्य हैं। अगर आप आज से ही सच बोलने, दया का भाव रखने और सभी से प्रेम करने का अभ्यास शुरू कर दें तो यकीन मानिए आप जीवन में बहुत आगे जाएँगे। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि आप सब अपने मन में एक संकल्प लें कि मैं किसी को दुःख नहीं पहुँचाऊँगा, सभी से प्रेम करूंगा और अपने व्यवहार से सबका दिल जीतने की कोशिश करूंगा। यही तीर्थंकर महावीर स्वामी की जयंती पर हमारी सबसे सुंदर भेंट होगी।
इस अवसर पर विद्यालय के डीन एकेडमिक्स एच एल गुप्ता, डीन एडमिनिस्ट्रेशन चंद्रशेखर डैंग, किंजल जैन, दीया जैन, रीनू चौधरी, पूनम राघव, आंचल सिंह सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। मंच का संचालन छात्रा इशिता सिंघल और तोशिका मिश्रा ने किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।